'चूड़ी पहन लो, घर बैठो... औकात में रहना', रायबरेली में सपा जिलाध्यक्ष और कोतवाल आमने-सामने, कॉलेज में बवाल

रायबरेली के फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में छात्र सदस्यता अभियान को लेकर समाजवादी छात्र सभा और ABVP कार्यकर्ताओं के बीच विवाद हो गया. मामला नारेबाजी और धक्का-मुक्की से बढ़कर प्रदर्शन तक पहुंचा. इसी दौरान सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह के बीच भी तीखी बहस हुई.

UP Tak
Google CTA

उत्तर प्रदेश के रायबरेली स्थित फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज में छात्र सदस्यता अभियान को लेकर समाजवादी छात्र सभा और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए. गुरुवार को शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते नारेबाजी, धक्का-मुक्की और प्रदर्शन तक पहुंच गया.

यह भी पढ़ें...

मामला यहीं नहीं रुका. विवाद के बीच सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव और शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह के बीच भी तीखी बहस हो गई. दोनों के बीच हुई बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें माहौल काफी गर्म नजर आ रहा है.

बैनर से शुरू हुआ विवाद, कॉलेज गेट पर धरना

बताया जा रहा है कि फिरोज गांधी डिग्री कॉलेज के पास समाजवादी छात्र सभा की ओर से छात्र नौजवान PDA जागरूकता एवं सदस्यता अभियान चलाया जा रहा था. अभियान के लिए लगाए गए बैनर को लेकर ABVP कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई.

विवाद बढ़ने पर ABVP कार्यकर्ता धरने पर बैठ गए. दूसरी तरफ सपा कार्यकर्ताओं ने भी विरोध शुरू कर दिया. देखते ही देखते कॉलेज के आसपास नारेबाजी और हंगामे की स्थिति बन गई. दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अभद्रता के आरोप भी लगाए गए हैं.

कोतवाल और सपा जिलाध्यक्ष के बीच क्या हुआ?

हंगामे की सूचना मिलने पर शहर कोतवाली प्रभारी शिव शंकर सिंह मौके पर पहुंचे. इसी दौरान सपा जिलाध्यक्ष वीरेंद्र यादव भी वहां पहुंच गए. दोनों के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हो गई और देखते ही देखते बातचीत काफी तीखी हो गई.

बहस के दौरान दोनों तरफ से 'चूड़ी पहनने' जैसी टिप्पणी की गई. दोनों के बीच धक्का-मुक्की की बात भी कही गई है. इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर चर्चा में है.

मामला कॉलेज से निकलकर एसपी ऑफिस तक पहुंचा

कॉलेज के बाहर बढ़े विवाद के बाद मामला एसपी कार्यालय तक पहुंच गया. सपा कार्यकर्ता वहां पहुंचकर पुलिस की कार्रवाई का विरोध करने लगे और कोतवाल को हटाने की मांग की. दूसरी ओर ABVP कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन किया.

इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बन गई. पुलिस ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को हटाने के लिए बल प्रयोग किया और उन्हें मौके से बाहर कर दिया.

मौके पर पहुंचे कई अधिकारी

स्थिति बिगड़ने की सूचना पर सीओ आशीष निगम, एएसपी आलोक सिंह, सिटी मजिस्ट्रेट राम अवतार और एसडीएम सदर गौतम सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे. अधिकारियों ने दोनों पक्षों से बातचीत की और स्थिति को शांत कराने की कोशिश की.

फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है. विवाद की शुरुआत किस बात से हुई और दोनों पक्षों की ओर से लगाए गए आरोपों में क्या तथ्य हैं, इसे लेकर जांच के बाद ही तस्वीर पूरी तरह साफ होगी.