Raebareli Ramakant Murder Case: रायबरेली के बछरावां थाना क्षेत्र के खैरहनी गांव में पुराने लव अफेयर को लेकर हुए विवाद में ग्राम प्रधान के बेटे रमाकांत की ईंट से कूंचकर हत्या कर दी गई. मृतक छतैया गांव के ग्राम प्रधान गणेश प्रसाद का बेटा था. आरोप है कि शादीशुदा महिला सोनी से मिलने पहुंचे रमाकांत का महिला के पति सुरेंद्र से विवाद हो गया. इसके बाद सोनी, सुरेंद्र और उनके साथी वीरेंद्र ने कथित तौर पर रमाकांत पर हमला कर दिया. पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
ADVERTISEMENT
लहूलुहान हालत में मिला युवक
वारदात के बाद घटनास्थल का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ. वीडियो में रमाकांत लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा नजर आ रहा है. मौके पर मौजूद ग्रामीण एक महिला और युवक से घटना को लेकर सवाल करते दिखाई देते हैं. वीडियो में युवक की पहचान सुरेंद्र और महिला की पहचान सोनी के तौर पर बताई गई है. इसी दौरान ग्रामीण उनसे पूछताछ करते नजर आते हैं.
वीडियो में पुलिस पर गंभीर आरोप
वायरल वीडियो में ग्रामीणों के सवालों का जवाब देते हुए सुरेंद्र कथित तौर पर कहता सुनाई देता है, 'पुलिस ने कहा था 'मार दो', तो हमने मार दिया.' वहीं, सोनी भी कथित तौर पर दावा करती सुनाई देती है कि पुलिस ने उनसे कहा था, 'जो समझ में आए करो.' इन बयानों के जरिए आरोपियों ने पुलिस पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं. हालांकि, इन दावों की पुलिस जांच में पुष्टि होना बाकी है.
महिला को परेशान करने का लगाया आरोप
आरोपियों ने दावा किया कि रमाकांत लंबे समय से सोनी को परेशान कर रहा था और इस संबंध में पुलिस से तीन बार शिकायत की गई थी. बताया गया कि करीब छह महीने पहले भी पुलिस के पास शिकायत पहुंची थी, लेकिन उस समय दोनों पक्षों के बीच आपसी समझौता हो गया था. इसी पुराने विवाद को हत्या की वजह से जोड़कर देखा जा रहा है. घटना के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया.
दूसरी शादी के बाद बढ़ा विवाद
जानकारी के मुताबिक सोनी की शादी साल 2010 में अमित से हुई थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया. इसी दौरान सोनी और रमाकांत के बीच नजदीकियां बढ़ीं. लेकिन इसके बाद सोनी ने सुरेंद्र से शादी कर ली. शनिवार को रमाकांत सोनी से मिलने खैरहनी पहुंचा था. इसी दौरान सुरेंद्र के वहां पहुंचने पर विवाद बढ़ गया और मारपीट शुरू हो गई. आरोप है कि इसी दौरान ईंट से हमला कर रमाकांत की हत्या कर दी गई. घटना की सूचना मिलने के बाद बछरावां पुलिस ने केस दर्ज कर सोनी, सुरेंद्र और वीरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT











