Raebareli Mandi Rate 3 August 2026: जिले में बीते एक महीने से जारी प्रतिकूल मौसम की मार अब सीधे आम आदमी की रसोई पर पड़ने लगी है. खराब मौसम के कारण मंडियों में हरी सब्जियों की आवक बुरी तरह प्रभावित हुई है, जिससे इनके दामों में 40 से 50 रुपये प्रति किलो तक की भारी बढ़ोतरी दर्ज की गई है. अचानक बढ़े इन दामों ने मध्यम और गरीब वर्ग का बजट पूरी तरह बिगाड़ कर रख दिया है.
ADVERTISEMENT
एक महीने से आवक प्रभावित, रसोई का बजट बिगड़ा
स्थानीय फुटकर व थोक बाजार के कारोबारियों का कहना है कि बीते करीब एक माह से प्रतिकूल मौसम के चलते स्थानीय खेतों से सब्जियों की पैदावार और बाहरी मंडियों से होने वाली आपूर्ति बाधित हुई है. बाजार में मांग की तुलना में उपलब्धता काफी कम है, जिसके चलते लगभग हर हरी सब्जी के दाम रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गए हैं.
दुकानों पर घटे खरीदार, सीमित मात्रा में हो रही खरीदारी
सब्जी मंडी में खरीदारी करने पहुँच रहे लोग अब दामों को सुनकर ठिठक रहे हैं. जो ग्राहक पहले हफ़्ते भर के लिए एक-दो किलो तक हरी सब्जियां एक साथ खरीदकर ले जाते थे, वे अब आधा किलो या पाव भर से ही काम चलाने को मजबूर हैं. कई उपभोक्ता तो हरी सब्जियों से दूरी बनाकर अन्य विकल्पों की तलाश कर रहे हैं.
कारोबारियों की चिंता भी बढ़ी
सब्जी विक्रेताओं का मानना है कि जब तक मौसम अनुकूल नहीं होता और मंडियों में हरी सब्जियों की आमद सामान्य नहीं होती, तब तक राहत मिलने की उम्मीद कम है. दामों में आई इस तेजी के कारण सब्जियों की बिक्री में भारी गिरावट आई है, जिससे फुटकर विक्रेताओं की दुकानदारी पर भी खासा असर पड़ रहा है.
ADVERTISEMENT











