Rita-Amit Murder Case: उत्तर प्रदेश के रायबरेली से प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. डलमऊ थाना क्षेत्र के पूरे रजऊ मजरे मुस्तफाबाद बिलहनी गांव में एक महिला पर अपने पति के साथ मिलकर ब्वॉयफ्रेंड की हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस के मुताबिक, हत्या के बाद शव को छिपाने के लिए घर के अंदर ही गड्ढा खोदकर दफना दिया गया था. कई दिन बाद जब शव से तेज बदबू फैलने लगी तो आसपास के लोगों को शक हुआ और पुलिस को सूचना दी गई. मौके पर पहुंची पुलिस ने घर के फर्श की खुदाई कर शव बरामद कर लिया. मामले में महिला रीता को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसका पति राम प्रकाश फरार है.
ADVERTISEMENT
मायके में क्यों रहने लगी थी रीता
पुलिस की शुरुआती जांच के मुताबिक, रीता के अपने पति राम प्रकाश से कुछ वर्ष पहले संबंध खराब हो गए थे और दोनों के बीच संबंध विच्छेद हो गया था. इसके बाद रीता अपने मायके पूरे रजऊ मजरे बिलहनी, थाना डलमऊ में रहने लगी. इसी दौरान उसके कटघर निवासी अमित रायदास से नजदीकी संबंध बन गए. पुलिस के अनुसार, दोनों के संबंध से एक पुत्री भी पैदा हुई थी. कुछ समय बाद रीता और अमित के बीच भी रिश्ते खराब होने लगे. इसी बीच राम प्रकाश का दोबारा रीता के घर आना-जाना शुरू हो गया.
राम प्रकाश के आने पर अमित करता था विरोध
पुलिस के अनुसार अमित रायदास को राम प्रकाश का रीता के घर आना-जाना पसंद नहीं था और वह इसका विरोध करता था. इसी बात को लेकर दोनों के बीच तनाव बढ़ता गया. पुलिस की जांच में सामने आया कि 29 जुलाई 2026 की रात राम प्रकाश को रीता के घर देखकर अमित का महिला और उसके पति से विवाद हो गया. आरोप है कि इसी विवाद के बाद राम प्रकाश और रीता ने मिलकर अमित को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
साड़ी से गला कसकर हत्या का आरोप
पुलिस के मुताबिक, विवाद के बाद रीता और राम प्रकाश ने कथित तौर पर साड़ी से अमित का गला कस दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद दोनों ने शव को ठिकाने लगाने के लिए घर के अंदर ही गड्ढा खोदा और उसमें अमित का शव दफना दिया. आरोपियों ने कथित तौर पर इस तरह शव छिपाने की कोशिश की कि किसी को घटना की जानकारी न हो सके. कुछ समय तक यह राज छिपा रहा, लेकिन घर के अंदर दफन शव से निकलने वाली बदबू ने पूरी घटना का खुलासा कर दिया.
बदबू से गांव वालों को हुआ शक
शव के सड़ने के बाद घर और उसके आसपास तेज दुर्गंध फैलने लगी. आसपास के लोगों को जब शक हुआ तो उन्होंने स्थानीय पुलिस को सूचना दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घर की तलाशी शुरू की गई. पुलिस ने फर्श के एक हिस्से की खुदाई कराई, जहां से अमित रायदास का शव बरामद हुआ. शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. मौके पर फॉरेंसिक टीम ने भी पहुंचकर जरूरी साक्ष्य जुटाए.
रीता ने बताया सबकुछ?
पुलिस के अनुसार मामले में धारा 103(1) और 238 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. विवेचना के दौरान पुलिस ने रीता से पूछताछ की. पुलिस का दावा है कि पूछताछ में महिला ने अपने पति राम प्रकाश के साथ मिलकर वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की. इसके बाद महिला की निशानदेही पर उसके घर के फर्श की खुदाई कर अमित का शव बरामद किया गया. पुलिस का कहना है कि बरामद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की आगे की जांच की जा रही है.
पति राम प्रकाश की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने मामले में रीता को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका पति राम प्रकाश अभी फरार बताया जा रहा है. पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए हैं और जांच में सामने आए तथ्यों को भी खंगाला जा रहा है. पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है.
ADVERTISEMENT











