Raebareli Weather Update: गर्मी-उमस से बेहाल, रायबरेली में 'इंद्रदेव' मेहरबान, कल रात झमाझम बारिश से बदला मौसम

Newzo

• 09:31 AM • 31 Jul 2026

Raebareli Weather News: रायबरेली में रातभर हुई झमाझम बारिश से मौसम सुहावना हो गया. लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है. मौसम विभाग ने अगले एक-दो दिनों तक बादल छाए रहने और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना जताई है.

गर्मी-उमस से बेहाल, रायबरेली में 'इंद्रदेव' मेहरबान: कल रात झमाझम बारिश से बदला मौसम

गर्मी-उमस से बेहाल, रायबरेली में 'इंद्रदेव' मेहरबान: कल रात झमाझम बारिश से बदला मौसम

Google CTA

Raebareli Weather News:  चिलचिलाती धूप, चिपचिपी गर्मी और घुटन भरी उमस से बेहाल रायबरेली वासियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आई है. बीते कई दिनों से सूरज के तल्ख तेवरों और बादलों की बेरुखी से लोग पसीने-पसीने हो रहे थे, लेकिन कल रात मौसम ने अचानक करवट ली. आसमान में छाए घने काले बादलों के साथ हुई तेज झमाझम बारिश ने पूरे जिले का मिजाज बदलकर रख दिया. झमाझम बारिश के बाद तापमान में आई गिरावट से लोगों को भीषण गर्मी और पसीने से बड़ी राहत मिली है. 

यह भी पढ़ें...

​सुबह से छाए बादल, ठंडी हवाओं ने बदला मिजाज

बारिश का यह सिलसिला सिर्फ रात तक ही सीमित नहीं रहा, आज सुबह से ही पूरे आसमान में काले-घने बादलों का डेरा जमा हुआ है. सूरज की तपिश पूरी तरह गायब है और धीमी-धीमी बह रही ठंडी हवाओं ने फिजा में खुशनुमा ठंडक घोल दी है. मौसम के इस यू-टर्न से पिछले कई दिनों से पंखे और कूलरों के सामने भी राहत न पाने वाले लोगों ने सुकून की सांस ली है. सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों, दफ्तरी कर्मचारियों और राहगीरों को इस सुहावने मौसम का आनंद लेते देखा गया. 

​घरों से बाहर निकले लोग, पार्कों में बढ़ी चहल-पहल

​उमस और गर्मी के कारण जो लोग शाम के वक्त भी घरों में कैद रहने को मजबूर थे, वे आज सुबह के इस सुहावने मिजाज का लुत्फ उठाने बाहर निकले। शहर के प्रमुख पार्कों और चौराहों पर लोगों की अच्छी-खासी चहल-पहल नजर आई. बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक, हर कोई इस ठंडी हवा का मजा लेता दिखा. व्यापारियों और दुकानदारों का कहना है कि रात की बारिश ने न सिर्फ तापमान गिराया है, बल्कि लगातार हो रही पसीने वाली उमस से भी बड़ी निजात दिलाई है. 

मौसम विभाग का पूर्वानुमान: अभी और हो सकती है बारिश

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, क्षेत्र में बने कम दबाव के क्षेत्र और मानसूनी हवाओं की सक्रियता के कारण मौसम में यह बदलाव आया है। विभाग का अनुमान है कि आज दिन भर आसमान में बादल छाए रहेंगे और जिले के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना बनी हुई है. मौसम का यह सुहाना रुख अगले एक-दो दिनों तक जारी रह सकता है.