Raebareli News: मजहबी तालीम और झाड़-फूंक की आड़ में एक शिक्षक द्वारा युवती की अस्मत से खिलवाड़ करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है. रायबरेली के खीरों इलाके में स्थित एक मदरसे के शिक्षक ने निकाह का सब्जबाग दिखाकर 25 वर्षीय युवती का शारीरिक शोषण किया. जब युवती ने निकाह का दबाव बनाया तो आरोपी मुकर गया और जान से मारने की धमकी देने लगा. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर आरोपी शिक्षक को हिरासत में ले लिया है.
ADVERTISEMENT
इलाज के बहाने बिछाया जाल
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर जिले का रहने वाला एक युवक खीरों क्षेत्र के एक मदरसे में बच्चों को पढ़ाता है. पढ़ाने के साथ-साथ वह झाड़-फूंक (तंत्र-मंत्र) का काम भी करता था. जगतपुर क्षेत्र की रहने वाली पीड़िता कुछ समय पहले अपने इलाज के लिए उसके पास गई थी. आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने उसे अपनी बातों के जाल में फंसा लिया और शादी का वादा कर रायबरेली शहर के एक होटल में ले जाकर उसके साथ दुराचार किया.
ASP की चौखट पर पहुंची पीड़िता
काफी समय तक शोषण के बाद जब युवती ने शादी के लिए कहा, तो शिक्षक का असली चेहरा सामने आ गया. उसने न सिर्फ शादी से इनकार किया, बल्कि विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को धमकाना शुरू कर दिया. न्याय की उम्मीद में पीड़िता ने अपर पुलिस अधीक्षक (ASP) आलोक सिंह से मुलाकात कर अपनी आपबीती सुनाई.
पुलिस की कार्रवाई
ASP के आदेश पर हरकत में आई खीरों थाना पुलिस ने मंगलवार को आरोपी शिक्षक को धर दबोचा. थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है. दोनों एक ही समुदाय के हैं. मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल, पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं.
ADVERTISEMENT









