ADVERTISEMENT
Raebareli News: सेंट्रल बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव का रंग अब पूरी तरह से गाढ़ा होने लगा है. कचहरी परिसर में चुनावी सरगर्मियां सातवें आसमान पर पहुंच चुकी हैं. एल्डर्स कमेटी द्वारा मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन करने के साथ ही रणभेरी बज चुकी है. इस बार बार एसोसिएशन के नए नेतृत्व को चुनने के लिए कुल 1551 अधिवक्ता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. चुनाव कार्यक्रम के तहत आज (गुरुवार) से नामांकन पत्रों की बिक्री शुरू हो रही है, जबकि शुक्रवार से प्रत्याशी अपने पर्चे दाखिल कर सकेंगे.
कचहरी में बढ़ी हलचल, खेमेबाजी तेज
मतदाता सूची जारी होने और नामांकन की तारीखें सामने आते ही कचहरी परिसर का माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंग गया है. कचहरी के चैंबरों से लेकर बार रूम तक, हर तरफ बस चुनाव की ही चर्चा है. संभावित प्रत्याशियों ने अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी है. सीनियर से लेकर जूनियर वकीलों को साधने के लिए जमकर खेमेबाजी और जोड़-तोड़ का दौर शुरू हो चुका है.
अध्यक्ष और महासचिव पद पर टिकीं निगाहें
हर बार की तरह इस बार भी अध्यक्ष और महासचिव जैसे मुख्य पदों पर कड़ा और दिलचस्प मुकाबला देखने को मिल सकता है. कड़क चाय की चुस्कियों के साथ कचहरी के हर कोने पर जीत-हार के समीकरण बिठाए जा रहे हैं. एल्डर्स कमेटी ने साफ किया है कि चुनाव को पूरी तरह निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए तैयारियां मुकम्मल कर ली गई हैं.
ADVERTISEMENT











