शादी में लड़कियों से कथित छेड़छाड़ का विरोध करने पर दलित युवक आनंद की गला रेतकर हत्या...संत कबीर नगर में ये क्या हुआ?

Sant Kabir Nagar Murder: संत कबीर नगर में दलित युवक आनंद कुमार की निर्मम हत्या से इलाके में तनाव फैल गया. परिजनों का आरोप है कि शादी समारोह में लड़कियों से छेड़छाड़ का विरोध करने पर रंजिश पनपी और आरोपी नासिर अली ने साथियों के साथ मिलकर आनंद की हत्या कर दी.

यूपी तक

• 03:30 PM • 20 Jun 2026

follow google news

Sant Kabir Nagar Murder: उत्तर प्रदेश के संत कबीर नगर जिले में एक दलित युवक की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. बखीरा थाना क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला. परिजनों का आरोप है कि कुछ दिन पहले एक शादी समारोह में लड़कियों के साथ हुई कथित छेड़छाड़ का विरोध करने की कीमत युवक को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी. घटना के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया, जिसके चलते भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा. इस मामले ने अब राजनीतिक रंग भी ले लिया है और भीम आर्मी प्रमुख एवं सांसद चंद्रशेखर आजाद ने भी सरकार से कड़ी कार्रवाई की मांग की है.

यह भी पढ़ें...

शादी समारोह में विवाद के बाद बढ़ी रंजिश

मृतक की पहचान आनंद कुमार के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार, 6 जून को उनके घर में एक शादी समारोह आयोजित किया गया था. आरोप है कि उसी दौरान नासिर अली नामक युवक ने समारोह में आई कुछ लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और अभद्र व्यवहार करने की कोशिश की थी.

परिवार के लोगों ने इसका विरोध किया और कथित तौर पर आरोपी को मौके पर फटकार लगाई. इसके बाद दोनों पक्षों के बीच तनाव पैदा हो गया. परिजनों का दावा है कि इसी घटना के बाद आरोपी ने बदला लेने की ठान ली थी.

18 जून को बाजार में किया गया जानलेवा हमला

परिवार का आरोप है कि 18 जून की शाम आनंद कुमार बाजार गए थे. इसी दौरान पहले से घात लगाए बैठे कुछ लोगों ने उन पर हमला कर दिया. आरोप है कि चार-पांच लोगों ने मिलकर आनंद को घेरा और उन पर धारदार हथियार से हमला किया. इस हमले में उनकी मौत हो गई.

मृतक के परिजनों का कहना है कि आरोपी पहले से योजना बनाकर बैठे थे और मौका मिलते ही वारदात को अंजाम दिया गया. घटना की खबर फैलते ही इलाके में सनसनी फैल गई और लोगों की भीड़ जुट गई.

हत्या के बाद परिजनों ने किया  प्रदर्शन

आनंद की हत्या के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में जबरदस्त आक्रोश देखने को मिला. पोस्टमार्टम हाउस के बाहर भी हंगामा हुआ और लोग आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन को काफी मशक्कत करनी पड़ी. अधिकारियों ने परिजनों को समझाया और आश्वासन दिया, जिसके बाद मृतक का अंतिम संस्कार कराया जा सका. पूरे क्षेत्र में एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

चंद्रशेखर आजाद ने जताया आक्रोश

घटना के बाद भीम आर्मी प्रमुख और नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने दलित युवक आनंद कुमार की हत्या को बेहद दुखद, निंदनीय और कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाली घटना बताया. चंद्रशेखर ने कहा कि प्रारंभिक जानकारी के अनुसार शादी समारोह में छेड़छाड़ के विरोध के कारण यह हत्या हुई है. उन्होंने पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि भीम आर्मी और आजाद समाज पार्टी की टीम परिवार के साथ खड़ी है.

साथ ही उन्होंने राज्य सरकार से मांग की कि सभी आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए. उन्होंने फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाकर दोषियों को सख्त सजा दिलाने और पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की भी मांग की.

प्रशासन ने सहायता और कार्रवाई का दिया भरोसा

मामले को लेकर जिला प्रशासन भी सक्रिय हो गया है. प्रशासन की ओर से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की बात कही गई है. जानकारी के अनुसार आरोपी के अवैध निर्माण या अतिक्रमण की जांच की जा रही है और आवश्यक कार्रवाई की तैयारी चल रही है.

इसके अलावा मृतक के परिवार को करीब 9 लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू की गई है. प्रशासन ने परिवार के एक सदस्य को संविदा पर नौकरी देने और मृतक के बच्चों के लिए भरण-पोषण सहायता उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है.

इलाके में तनाव, पुलिस की कड़ी निगरानी जारी

हत्या की घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल बना हुआ है. कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है ताकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो.

फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी की भूमिका समेत पूरे घटनाक्रम की पड़ताल की जा रही है. वहीं, पीड़ित परिवार और स्थानीय लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं. इस हत्याकांड ने एक बार फिर कानून-व्यवस्था और महिलाओं के साथ छेड़छाड़ जैसे मामलों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.