Deoria News: उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले से एक हैरान कर देने वाला हाई वोल्टेज ड्रामा सामने आया है. यहां लार थाना क्षेत्र में एक नाबालिग लड़की अपने प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर के सबसे ऊपरी हिस्से पर चढ़ गई. लड़की की इस हरकत से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ड्रोन कैमरे से निगरानी करने लगी. करीब दो से ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत और लाउडस्पीकर पर काफी समझाने-बुझाने के बाद पुलिस ने लड़की को सुरक्षित नीचे उतारा है. पूछताछ में पता चला कि लड़की के घरवालों ने उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिससे नाराज होकर उसने यह खौफनाक कदम उठाया है.
ADVERTISEMENT
प्रेमी से शादी करने की जिद
यह पूरी घटना लार थाना क्षेत्र के पटनेजी गांव के पास की है. शुक्रवार की दोपहर एक नाबालिग लड़की अचानक सड़क किनारे लगे एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. उसने अपना चेहरा कपड़े से ढक रखा था, इसलिए ड्रोन कैमरे से भी उसकी सही पहचान नहीं हो पा रही थी. टावर के ऊपर बैठकर लड़की लगातार एक ही जिद कर रही थी कि उसे हर हाल में अपने प्रेमी से ही शादी करनी है. लड़की के इस ड्रामे को देखने के लिए वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई.
लाउडस्पीकर से पुलिस ने मनाया
घटना की जानकारी मिलते ही लार थाना प्रभारी राकेश सिंह अपनी टीम के साथ तुरंत मौके पर पहुंच गए. जब कोई रास्ता नहीं सूझा, तो पुलिस ने समझदारी दिखाते हुए लाउडस्पीकर मंगवाया. पुलिसकर्मियों ने माइक के जरिए लड़की से बात करते हुए कहा कि वह बहुत ऊंचाई पर है और उसे नीचे आ जाना चाहिए. पुलिस ने उसे पूरा भरोसा दिलाया कि उसकी हर मांग मानी जाएगी और समस्या का समाधान होगा. पुलिस की इन अपीलों और करीब ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद लड़की आखिरकार नीचे उतरने के लिए राजी हो गई.
प्रेमी पर दर्ज था पुराना मुकदमा
नीचे उतरने के बाद पुलिस ने लड़की को बैठाकर काफी समझाया. लड़की ने पुलिस को बताया कि वह मईल थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है. इस पूरे मामले पर सीओ गौरव सिंह ने बताया कि कुछ दिन पहले प्रेमी इस लड़की को अपने साथ ले गया था. इसके बाद लड़की के परिवार वालों ने 30 अगस्त को उस लड़के के खिलाफ पुलिस में मुकदमा दर्ज करवा दिया था. लड़की इसी मुकदमे से नाराज थी और उसी लड़के के साथ रहने की जिद कर रही थी. फिलहाल पुलिस ने लड़की को सुरक्षित उसके परिवार वालों के हवाले कर दिया है.
ADVERTISEMENT










