इंटर का एग्जाम देखकर लौट रहीं 6 लड़कियां गायब! बिजनौर में मचा हड़कंप, क्या हुआ उनके साथ?

Bijnor Missing Students Case: बिजनौर के चांदपुर क्षेत्र में इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देकर घर लौट रहीं छह छात्राएं अचानक लापता हो गईं. परिजनों की सूचना पर पुलिस ने मामला दर्ज कर तीन टीमें गठित की हैं.

संजीव शर्मा

• 03:37 PM • 13 Mar 2026

follow google news

Bijnor Missing Students Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में उस समय हड़कंप मच गया जब इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा देकर घर लौट रहीं छह छात्राएं अचानक लापता हो गईं. बताया जा रहा है कि परीक्षा समाप्त होने के बाद कॉलेज से निकली छात्राएं देर रात तक घर नहीं पहुंचीं. एक साथ आधा दर्जन छात्राओं के गायब होने की खबर फैलते ही परिजनों में अफरा-तफरी मच गई और पूरे इलाके में चिंता का माहौल बन गया. परिजनों ने देर रात थाने पहुंचकर पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की. वहीं हिंदू संगठनों के लोग भी थाने पहुंचकर छात्राओं की जल्द बरामदगी की मांग कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

बोर्ड की अंतिम परीक्षा देकर घर लौटते समय हुईं लापता

यह पूरा मामला चांदपुर क्षेत्र का है, जहां इंटरमीडिएट की अंतिम बोर्ड परीक्षा देने के बाद छह छात्राएं शाम करीब 5:15 बजे कॉलेज से घर जाने के लिए निकली थीं. बताया जा रहा है कि इन छात्राओं में से दो रोनिया गांव की रहने वाली हैं, दो सियाऊ गांव की और दो छात्राएं चांदपुर नगर की निवासी हैं. देर रात तक जब ये सभी छात्राएं अपने-अपने घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों को चिंता होने लगी. परिजनों ने एक-दूसरे से संपर्क किया तब पता चला कि सभी छह छात्राएं एक साथ लापता हैं और किसी के पास उनके बारे में कोई जानकारी नहीं है.

रिश्तेदारों और आसपास तलाश के बाद पुलिस को दी सूचना

छात्राओं के घर न लौटने पर परिजनों ने पहले अपने स्तर पर रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में उनकी तलाश की. लेकिन कहीं से भी कोई जानकारी नहीं मिलने पर परिजन रात में ही थाने पहुंचे और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी दी. 

एक साथ छह छात्राओं के गायब होने की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में भी हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) चांदपुर देश दीपक भी रात में ही थाने पहुंचे और परिजनों से पूरी घटना की जानकारी ली.

तलाश के लिए पुलिस की तीन टीमें हुईं गठित

परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए छात्राओं की तलाश शुरू कर दी है. पुलिस ने छात्राओं को ढूंढने के लिए तीन अलग-अलग टीमें गठित की हैं. इन टीमों में एसओजी, सर्विलांस और स्थानीय पुलिस की टीमें शामिल हैं. पुलिस आसपास के जिलों के साथ-साथ उत्तराखंड में भी छात्राओं की तलाश कर रही है. हालांकि घटना के करीब 18 घंटे बीत जाने के बाद भी अभी तक छात्राओं का कोई ठोस सुराग नहीं मिल पाया है.

हरिद्वार में मिली मोबाइल लोकेशन 

तलाश के दौरान पुलिस को छात्राओं में शामिल एक लड़की के मोबाइल फोन की लोकेशन उत्तराखंड के हरिद्वार में मिली थी. लेकिन कुछ ही देर बाद वह मोबाइल फोन भी बंद हो गया, जिससे पुलिस की परेशानी और बढ़ गई. इसके बाद पुलिस की टीमें उत्तराखंड की ओर रवाना कर दी गईं ताकि छात्राओं का जल्द से जल्द पता लगाया जा सके.

थाने पर परिजनों ने किया हंगामा

घटना के 18 घंटे बाद भी छात्राओं का पता न चलने से परिजनों का गुस्सा बढ़ता जा रहा है. परिजन थाने के बाहर एकत्र होकर लगातार अपनी बच्चियों की सुरक्षित वापसी की मांग कर रहे हैं.

इसी बीच हिंदू संगठन से जुड़े लोग भी थाने पहुंच गए और छात्राओं की जल्द बरामदगी की मांग को लेकर हंगामा करने लगे. संगठन के लोगों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही छात्राओं को बरामद नहीं किया गया तो वे इस मुद्दे को लेकर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे. 

परिजनों ने लगाया आरोप 

परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप भी लगाए हैं. उनका कहना है कि जब वे रात में थाने पहुंचे थे तब पुलिस ने तुरंत उनकी शिकायत दर्ज नहीं की. इसके बाद उन्हें 112 नंबर पर कॉल करना पड़ा तब जाकर पुलिस ने मामला दर्ज किया गया. परिजनों का कहना है कि अब भी पुलिस को यह पता नहीं चल पाया है कि उनकी बच्चियां कहां हैं, जबकि काफी समय बीत चुका है.

पहले भी सामने आ चुके हैं लापता होने के मामले

परिजनों की चिंता इसलिए भी बढ़ गई है क्योंकि जिले में इससे पहले भी कुछ छात्राओं के लापता होने के मामले सामने आ चुके हैं. बताया जा रहा है कि 19 सितंबर 2025 को नहटौर क्षेत्र की कक्षा सात की छात्रा मुस्कान ट्यूशन पढ़ने गई थी लेकिन वह भी आज तक घर वापस नहीं लौटी है. इसके अलावा स्योहारा क्षेत्र की रहने वाली फिजा नाम की लड़की भी काफी समय से लापता है और पुलिस अब तक उसका भी पता नहीं लगा पाई है. इन्हीं घटनाओं को देखते हुए लापता छात्राओं के परिजनों की धड़कनें लगातार तेज होती जा रही हैं और वे जल्द से जल्द अपनी बेटियों की सुरक्षित वापसी की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

यह भी पढ़ें: मोनालिसा के साथ होगा फ़रेब... ये बातें बोल साध्वी प्राची आर्या ने किस जानवर का दांत गले में लटकाने को कह दिया!