Sapna Choudhary: पश्चिमी उत्तर प्रदेश और हरियाणा के लोक संगीत जगत के बेताज बादशाह प्रसिद्ध रागनी गायक यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा के असमय निधन से पूरा कला जगत सदमे में है. 12 जून को उनके पैतृक गांव पतला (गाजियाबाद) में आयोजित शोकसभा में देश की मशहूर हरियाणवी गायिका एवं डांसर सपना चौधरी पहुंचीं. बरसों तक पेप्सी शर्मा के साथ मंच साझा करने वाली सपना चौधरी जैसे ही दिवंगत कलाकार के आवास पर पहुंचीं, वहां का माहौल बेहद गमगीन हो गया. सपना ने पेप्सी शर्मा के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके परिवार को इस गहरे दुख को सहने की सांत्वना दी.
ADVERTISEMENT
सपना को देखते ही बिलख पड़ीं पत्नी
गांव पतला पहुंचते ही सपना चौधरी सीधे पेप्सी शर्मा के घर के भीतर गईं. वहां उन्होंने अपने पुराने साथी की तस्वीर के सामने हाथ जोड़े और कुछ देर तक मौन खड़ी रहीं. इस दौरान पेप्सी शर्मा की पत्नी रेनू, सपना चौधरी को देखते ही अपने आंसुओं को रोक नहीं सकीं और उनसे लिपटकर बुरी तरह बिलख पड़ीं. पत्नी को इस तरह रोता देख सपना चौधरी भी खुद को संभाल नहीं पाईं और उनकी आंखें भी नम हो गईं.
जमीन पर बैठकर परिजनों को ढांढस बंधाया
इस दौरान सपना चौधरी घर में मौजूद परिवार की अन्य महिलाओं के साथ जमीन पर ही बैठ गईं और परिजनों का हाथ थामकर उन्हें ढांढस बंधाया. पुराने दिनों को याद करते हुए सपना चौधरी ने कहा 'मुझे अब तक विश्वास नहीं हो रहा है कि पेप्सी शर्मा जी अब हमारे बीच नहीं रहे. उनकी अचानक हुई इस मौत ने पूरे लोक संगीत जगत को झकझोर कर रख दिया है. पेप्सी शर्मा केवल एक बेहतरीन और मंझे हुए कलाकार ही नहीं थे बल्कि वह एक बेहद सरल, मिलनसार और जिंदादिल इंसान भी थे.'
सपना ने भावुक होते हुए आगे कहा कि उन्होंने और पेप्सी शर्मा ने सालों तक साथ में कई रागनी कार्यक्रमों में प्रस्तुतियां दीं और दर्शकों का भरपूर प्यार बटोरा जिसे कभी भुलाया नहीं जा सकता.
मां का हालचाल जानने आए थे गांव
गौरतलब है कि हरियाणवी लोकगीतों और रागनी मंचों का चर्चित चेहरा रहे यशपाल शर्मा उर्फ पेप्सी शर्मा का बीते 7 जून को हार्ट अटैक के कारण निधन हो गया था. बताया गया कि वह इन दिनों नोएडा में रह रहे थे और अपनी बीमार मां का हालचाल जानने के लिए अपने पैतृक गांव पतला आए हुए थे. इसी दौरान उनके सीने में अचानक तेज दर्द उठा और वह बेहोश होकर गिर पड़े. परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर भागे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
सुपरहिट थी सपना और पेप्सी शर्मा की जोड़ी
रागनी और देसी संगीत की दुनिया में पेप्सी शर्मा और सपना चौधरी की जोड़ी दर्शकों के बीच सुपरहिट मानी जाती थी. दोनों के जुगलबंदी वाले वीडियो आज भी यूट्यूब पर लाखों व्यूज बटोरते हैं. अपने देसी अंदाज, दमदार आवाज, ठेठ हरियाणवी लटके-झटके और शानदार मंच एंकरिंग की के कारण पेप्सी शर्मा ने लाखों प्रशंसकों के दिलों में अपनी खास जगह बनाई थी. उनकी शोकसभा में केवल सपना चौधरी ही नहीं बल्कि पश्चिमी यूपी और हरियाणा के तमाम छोटे-बड़े कलाकारों, ग्रामीणों और शुभचिंतकों का तांता लगा रहा.
ADVERTISEMENT










