संभल में मस्जिद पर दूसरे दिन हाइड्रा मशीन के साथ बुलडोजर एक्शन जारी, सरकारी रिकॉर्ड में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज थी जमीन

अभिनव माथुर

07 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Sambhal Bulldozer Action: संभल में कब्रिस्तान के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर बनी मुस्तफा कादरी मस्जिद पर दूसरे दिन भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रही. मौके की सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है.

Sambhal Bulldozer Action News

Sambhal Bulldozer Action News

Google CTA

Sambhal Bulldozer Action News: संभल में कब्रिस्तान के लिए आरक्षित सरकारी भूमि पर बनी मुस्तफा कादरी मस्जिद पर दूसरे दिन भी बुलडोजर की कार्रवाई जारी रही. मौके की सुरक्षा को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. उत्तर प्रदेश के संभल में प्रशासन द्वारा इस मस्जिद पर लगातार दूसरे दिन भी कार्रवाई की जा रही है. कोर्ट के आदेश के बाद शुरू हुई इस कार्रवाई के दौरान क्षेत्र में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था लागू है. यह मस्जिद कब्रिस्तान के लिए निर्धारित सरकारी जमीन पर अवैध रूप से बनाई गई थी, जिसे अब तोड़कर हटाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें...

हाइड्रा मशीन भी हुई शामिल

संभल के गाटा संख्या 409 में स्थित मुस्तफा कादरी मस्जिद लगभग 120 वर्ग मीटर क्षेत्र में बनी हुई थी. शनिवार से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान प्रशासन ने दो बुलडोजर और एक हाइड्रा मशीन (यह एक भारी निर्माण और रेस्क्यू में इस्तेमाल होने वाली मशीन होती है.) को काम में लगाया है. मौके पर तहसीलदार धीरेंद्र कुमार सिंह और नायब तहसीलदार दीपक जुरैल पुलिस बल के साथ मौजूद हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे.

कोर्ट के आदेश के बाद एक्शन

अधिकारियों के अनुसार यह भूमि सरकारी रिकॉर्ड में कब्रिस्तान के रूप में दर्ज थी. जनवरी 2026 में राजस्व विभाग की टीम द्वारा की गई पैमाइश के दौरान इस अवैध कब्जे का पता चला. इसके बाद तहसीलदार कोर्ट में उत्तर प्रदेश राजस्व संहिता की धारा 67 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया. सुनवाई के दौरान मस्जिद कमेटी को अपने पक्ष में दस्तावेज प्रस्तुत करने का अवसर दिया गया, लेकिन वे कोई ठोस प्रमाण नहीं दे सके. इसके पश्चात कोर्ट के आदेश के बाद ध्वस्तीकरण की कार्रवाई शुरू की गई.

‘आई लव मोहम्मद’ लिखा पोस्टर मिला

कार्रवाई के दौरान मस्जिद परिसर से ‘आई लव मोहम्मद’ लिखे कुछ पोस्टर और एक हरे रंग का झंडा भी बरामद हुआ. पुलिस ने इन सभी वस्तुओं को अपने कब्जे में ले लिया है. संभल के पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने जानकारी दी कि बरामद पोस्टर और झंडे की जांच की जा रही है. यह भी पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन्हें वहां किसने रखा और इसके पीछे उद्देश्य क्या था. जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.