रात में पकड़ी ट्रेन और सुबह ऐसे हाल में मिले शव की सिहर गए अफसर, RPF के दो जवानों के साथ रास्ते में क्या हुआ

विनय कुमार सिंह

• 04:01 PM • 21 Aug 2024

डीडीयू जंक्शन से मोकामा जा रहे दो आरपीएफ जवानों का शव  गाजीपुर में रेलवे ट्रैक पर  मिलने से हड़कंप मच गया. जिस तरह से दोनों के शव अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं उससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.

bodies of two RPF jawans found on the railway track

bodies of two RPF jawans found on the railway track

Google CTA

डीडीयू जंक्शन से मोकामा जा रहे दो आरपीएफ जवानों का शव  गाजीपुर में रेलवे ट्रैक पर  मिलने से हड़कंप मच गया. जिस तरह से दोनों के शव अर्धनग्न अवस्था में मिले हैं उससे हत्या की आशंका जताई जा रही है.  फिलहाल मृतक दोनों जवानों की पहचान हो गई है. इस मामले में गाजीपुर पुलिस भी आरपीएफ के साथ सक्रिय हो गई है और पूरी रात छानबीन करने के बाद गहमर थाने में एक एफआईआर दर्ज की गई है.

यह भी पढ़ें...

मृतक जवानों की हुई पहचान

बता दें कि मृतक जवानों में एक की पहचान जमानिया थाना क्षेत्र के देवैथा गांव निवासी जावेद खान पुत्र फिरोज खान के रूप में हुई है. जबकि दूसरे शव की पहचान प्रमोद कुमार सिंह पुत्र जवाहर सिंह, निवासी भोजपुर (आरा), बिहार के रूप में हुई है. जानकारी के मुताबिक दोनों ही जवान डीडीयू से मोकामा के लिए ट्रेन संख्या 15631 बाड़मेर गुवाहाटी एक्सप्रेस से सोमवार की रात 12:50 पर डीडीयू से रवाना हुए थे. जिनको सुबह 8:00 बजे मोकामा में रिपोर्टिंग करनी थी, जहां से वह पुनः दिल्ली के लिए रवाना होते. दोनों आरपीएफ जवानों के मोकामा नहीं पहुंचने पर संबंधित विभाग के द्वारा डीडीयू आरपीएफ कमांडेंट को इसकी सूचना दी गई.

बिल्कुल न्यूड अवस्था में मिले थे शव

वहीं विभागीय अधिकारी कर्मचारियों के द्वारा मिसिंग दोनों जवानों के मोबाइल नंबर को ट्रेस करते हुए खोजबीन शुरू कर दी गई. दोनों जवानों का शव मंगलवार की सुबह गहमर थाना क्षेत्र के देवकली व बकैनिया गांव के समीप रेलवे ट्रैक पर क्षत विक्षत हालत में मिला था. जिसे स्थानीय पुलिस शिनाख्त नहीं होने पर अज्ञात दिखाकर मर्चरी हाउस गाजीपुर भेज दिया था. पुलिस ने बताया कि जवान जावेद खान का चेहरा व हाथ में गंभीर चोटें लगी थी. तो वहीं प्रमोद कुमार का शव पूरी तरह से नग्न अवस्था में ट्रैक किनारे झाड़ियां में मिला था.

परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

मृतक जवान जावेद खान के भाई फैजान खान ने मृतक की शिनाख्त करते हुए घटना को लेकर हत्या की आशंका जताई है. वहीं इस मामले में ज्यादा जानकारी देते हुए गाजीपुर एसपी इरज राजा ने बताया कि, दोनों आरपीएफ के जवान थे और मुगलसराय जंक्शन पर तैनात थे. ये दोनों जवान बाड़मेर एक्सप्रेस से बिहार के मोकामा के लिये निकले थे और रास्ते में ये घटना हुई. दोनों जवानों के शव रेलवे ट्रैक पर मिले थे.मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और गहनता से जांच की जा रही है. आरपीएफ जीआरपी और पुलिस सभी पक्षों की जांच कर रही है.