Inspector Gaurav Sharma:लखीमपुर खीरी जिले के एसपी ऑफिस में तैनात पुलिस इंस्पेक्टर गौरव शर्मा घरवाली और बाहरवाली एक महिला के चक्कर में बुरे फंस चुके हैं. गौरव शर्मा के खिलाफ निदा मलिक नाम की एक महिला ने शादीशुदा होते हुए भी उससे निकाह करने का आरोप लगाया है. इसके साथ ही निदा ने ये भी आरोप लगाया है कि उन्होंने उसे बहाने से दोस्त के घर बुलाकर कोल्ड ड्रिंक पिलाई जिसे पीते ही वह बेहोश हो गई. अगले दिन जब उसकी नींद खुली तो उसके शरीर पर कोई कपड़ा नहीं था. इसके बाद निदा ने गौरव पर निकाह करने का दबाव बनाया जिसके बाद दोनों ने शादी कर ली. इस बीच निदा को पता चला की गौरव पहले से ही शादीशुदा हैं और उनके बच्चे भी हैं. यह जानते ही निदा के पैरों तले जमीन खिसक गई. अब निदा ने एसपी ऑफिस में गौरव शर्मा के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है जिसके बाद उन्हें लाइन हाजिर किया गया है.
ADVERTISEMENT
ट्रेन में हुई थी निदा और गौरव की पहली मुलाकात
निदा मलिक के अनुसार, साल 2012 के आसपास वह अपनी बीमार मां का इलाज कराने के लिए सहारनपुर से दिल्ली जा रही थीं. इस दौरान गौरव शर्मा ने अपनी रिजर्व सीट निदा और उनकी मां को देकर भरोसा जीतने की कोशिश की. इसके बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई और दोनों ने एक दूसरे का नंबर एक्सचेंज कर लिया. आरोप है कि कुछ दिनों बाद मां के इलाज के बहाने गौरव ने निदा को देवबंद में दोस्त के घर बुलाया और वहां नशीली कोल्डड्रिंक दिया जिसे पीते ही वो बेहोश हो गई. आरोप है कि गौरव ने इस दौरान निदा के साथ गलत काम करते हुए वीडियो बना लिया और पुलिसिया रसूख की धमकी देकर उन्हें खामोश कर दिया.
लोकलाज के डर से निदा ने जब निकाह का दबाव बनाया तो गौरव ने 27 दिसंबर 2017 को गवाहों की मौजूदगी में उनसे शादी कर ली. दोनों शाहजहांपुर में रहने लगे और उनकी एक बेटी भी हुई. लेकिन जैसे ही गौरव का तबादला बदायूं हुआ उसने निदा से दूरियां बनाना शुरू कर दिया. शक होने पर जब निदा बदायूं पहुंची और गौरव का फोन चेक किया तो वहां एक अन्य महिला के साथ उसकी तस्वीरें मिलीं.
जासूसी में खुला पहली पत्नी का राज
निदा ने जब अपने पति की जासूसी की तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई. उन्हें पता चला कि गौरव शर्मा पहले से शादीशुदा है.उसकी पत्नी का नाम खुशबू है और उसके बच्चे भी हैं. निदा ने जब अपना हक मांगा और विरोध किया तो इंस्पेक्टर साहब ने उसे जान से मारने और फर्जी मुकदमे में जेल भेजने की धमकी देनी शुरू कर दी.
गौरव शर्मा को किया गया लाइन हाजिर
इसके बाद गौरव ने अपना तबादला लखीमपुर खीरी करा लिया और वहां एसपी ऑफिस में स्टेनो के पद पर तैनात हो गए. लेकिन निदा ने हार नहीं मानी. उन्होंने बदायूं से लेकर लखीमपुर खीरी तक अधिकारियों के चक्कर काटे. आखिरकार लखीमपुर खीरी की एसपी ख्याति गर्ग ने मामले की गंभीरता को देखते हुए अपने ही स्टेनो गौरव शर्मा को पद से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया है और मामले की जांच के आदेश दिए हैं.
ADVERTISEMENT









