कौशांबी में टीसी लेने गए अभिभावक को महिला टीचर अनीता देवी ने जूतों से मारा, अब ये पता चला

अखिलेश कुमार

• 07:21 PM • 11 Jul 2026

Kaushambi​​​​​​​ Headmistress Viral Video: कौशांबी के एक प्राथमिक विद्यालय में टीसी विवाद के दौरान प्रधानाध्यापिका द्वारा अभिभावक की जूतों से पिटाई का वीडियो वायरल हो गया. मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है जबकि शिक्षा विभाग ने जांच के आदेश देकर कार्रवाई शुरू कर दी है.

Kaushambi​​​​​​​ Headmistress Viral Video

Kaushambi​​​​​​​ Headmistress Viral Video

Google CTA

Kaushambi Headmistress Viral Video: मारो-मारो, बिल्कुल मारो... मैं वीडियो बना रहा हूं... सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में ये शब्द और उसके तुरंत बाद बरसते हुए जूते देखकर हर कोई हैरान है. मामला उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले का है जहां बच्चों को भविष्य का पाठ पढ़ाने वाली एक प्रधानाध्यापिका का गुस्सा सातवें आसमान पर पहुंच गया. किसी बात पर बात इतनी बिगड़ी कि मैडम ने आव देखा न ताव, पैर से जूता निकाला और एक अभिभावक पर दनादन बरसाना शुरू कर दिया. 34 सेकंड का यह वीडियो अब इंटरनेट पर तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें मैडम सरेआम एक युवक की जूतों से पिटाई करती दिख रही हैं और आसपास के लोग बीच-बचाव करने की कोशिश कर रहे हैं. आइए जानते हैं क्या है यह पूरा बवाल.

यह भी पढ़ें...

टीसी निकलवाने गए थे अभिभावक के साथ भिड़ गईं मैडम

यह पूरी घटना कौशांबी के मूरतगंज ब्लॉक के अंतर्गत आने वाले एक प्राथमिक विद्यालय का है. मिली जानकारी के अनुसार, अलीगंज के रहने वाले अनुज कुमार यादव अपनी मौसी की बेटी का ट्रांसफर सर्टिफिकेट (TC) लेने स्कूल पहुंचे थे जो वहां चौथी क्लास में पढ़ती थी.

पीड़ित अनुज यादव का आरोप है कि जब उन्होंने स्कूल की प्रधानाध्यापिका अनीता देवी से टीसी मांगी तो मैडम ने इसके बदले ₹1000 के सुविधा शुल्क की मांग कर दी. जब अभिभावक ने इस अवैध मांग का विरोध किया तो दोनों पक्षों में बहस शुरू हो गई.

वीडियो बनाने पर भड़कीं मैडम, फोन तोड़ा और फिर बरसाए जूते

बात बढ़ती देख अनुज के साथ आए मनोज नाम के शख्स ने अपने मोबाइल से मैडम का वीडियो रिकॉर्ड करना शुरू कर दिया. वीडियो बनता देख प्रधानाध्यापिका अनीता देवी का पारा चढ़ गया. आरोप है कि उन्होंने गुस्से में मनोज का फोन छीना और उसे जमीन पर पटक कर तोड़ दिया.

पीड़ित अनुज के मुताबिक, जब वे जमीन से अपना फोन उठाने लगे तो वहां धक्का-मुक्की हुई जिसमें प्रधानाध्यापिका गिर गईं. इसके बाद मैडम ने अपना आपा खो दिया और जूता निकालकर युवक पर हमला कर दिया. अनुज का आरोप है कि मैडम ने उन्हें गंदी-गंदी गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी. हद तो तब हो गई जब पीड़ित ने 112 नंबर पर पुलिस को फोन किया तो पुलिस की गाड़ी आते देख मैडम स्कूल के गेट पर लात मारकर वहां से रफूचक्कर हो गईं.

बेसिक शिक्षा अधिकारी ने दिए जांच के आदेश

स्कूल परिसर में हुई इस मारपीट का वीडियो जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुआ, शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया. मामले की गंभीरता को देखते हुए बेसिक शिक्षा अधिकारी कमलेंद्र कुशवाहा ने तत्काल संज्ञान लिया.

बीएसए कमलेंद्र कुशवाहा ने कहा, 'यह वीडियो मूरतगंज ब्लॉक के प्राथमिक विद्यालय टीका का पुरवा का है. प्रथम दृष्टया विवाद टीसी को लेकर ही सामने आया है. इस पूरे मामले की जांच खंड शिक्षा अधिकारी को सौंप दी गई है. विस्तृत रिपोर्ट मिलते ही दोषी के खिलाफ सख्त विभागीय कार्रवाई की जाएगी. हालांकि, यह भी जानकारी मिली है कि दोनों पक्ष थाने गए थे और वहां आपस में माफीनामा (समझौता) की भी स्थिति बन रही थी.'

प्रधानाध्यापिका के खिलाफ मुकदमा दर्ज

मामला जब मीडिया में सुर्खियां बना और पीड़ित अनुज कुमार यादव ने लिखित तहरीर दी तो पुलिस भी तुरंत एक्शन में आ गई. चरवा थाना पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर प्रधानाध्यापिका अनीता देवी के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस अब वायरल वीडियो और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.

इस शर्मनाक घटना ने हर किसी को सोचने पर मजबूर कर दिया है कि आखिर एक सरकारी स्कूल में टीसी जैसे सामान्य से काम के लिए इतना बड़ा बखेड़ा कैसे खड़ा हो गया? फिलहाल, अब देखना यह होगा कि विभागीय जांच के बाद आरोपी शिक्षिका पर क्या गाज गिरती है.