Kaushambi News: यूपी के कौशांबी जिले में झाड़-फूंक के बहाने धर्म बदलने का एक बड़ा मामला सामने आया है. धर्मांतरण का यह खेल शहजातपुर इलाके में बनी सलारहाथन बाबा की मजार पर चल रहा था. कोखराज थाना पुलिस ने एक पीड़ित व्याक्ति के शिकायत के आधार पर चार मौलवियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. अब पुलिस इस मामले की गहराई से जांच में जुट गई है.
ADVERTISEMENT
500 रुपये लेकर की झाड़-फूंक
शिकायतकर्ता चंदन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह अपनी कुछ परेशानी लेकर शहजातपुर इलाके की सलारहाथन बाबा मजार पर गया था. करीब दो महीने पहले वहां मौजूद एक मौलवी ने उससे 500 रुपये लेकर झाड़-फूंक की थी और उसे पानी की एक बोतल दी थी. चंदन का आरोप है कि 9 जुलाई को जब वह दोबारा मजार गया, तो वहां मौजूद चार मौलवियों ने उसकी परेशानी दूर करने के नाम पर 5 हजार रुपये मांगे. इतना ही नहीं, उस पर इस्लाम धर्म अपनाने, कलमा पढ़ने और उर्दू सीखने का दबाव भी डाला था.
पीड़ित के अनुसार, उसने इस घटना के बाद थाने जाकर मामले की शिकायत दर्ज करवाई थी. इस पूरे मामले की शिकायत मिलने के बाद कोखराज थाना पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.
बजरंग दल के कार्यकर्ताओं का हंगामा
तो वहीं इस घटना से पहले गुरुवार को बजरंग दल के करीब 20 से 30 कार्यकर्ता मजार पर गए थे. इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मजार पर धर्मांतरण का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन किया था. आरोप है कि इस दौरान मजार में तोड़फोड़ की गई और वहां मौजूद मौलवियों के साथ मारपीट भी की गई थी. इस घटना की जानकारी मिलते ही सीओ सिराथू सत्येंद्र तिवारी राजस्व विभाग की टीम और भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे थे और हालात को काबू में किया था.
पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
पुलिस ने पहले प्रारंभिक जांच के दौरान चारों मौलवियों को पूछताछ के बाद छोड़ दिया था. हालांकि अब पीड़ित व्यक्ति चंदन की लिखित शिकायत के बाद कोखराज थाना पुलिस ने अज्ञात चारों मौलवियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है. एसपी सत्यनारायण प्रजापत ने बताया कि इस मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी सबूत सामने आएंगे, उनके आधार पर जरूरी कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











