Kanwariya Accident Video: सावन के महीने में कांवड़ यात्रा जोर-शोर से चल रही है और कांवड़िए गंगा जल लेकर लौट रहे हैं. इसी बीच सोशल मीडिया पर एक भयावह वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक तेज रफ्तार गाड़ी कांवड़ियों को पीछे से जोरदार टक्कर मारती दिख रही है. सोशल मीडिया पर लोग इस वीडियो को मुजफ्फरनगर का बता रहे हैं. हालांकि, मुजफ्फरनगर पुलिस ने तुरंत इस दावे का पूरी तरह से खंडन किया है और इसे अफवाह बताया है.
ADVERTISEMENT
कांवड़ियों को टक्कर मारने का वीडियो
सोशल मीडिया पर शेयर किए जा रहे इस वीडियो में कुछ कांवड़िए सड़क पर चलते हुए नजर आ रहे हैं. तभी अचानक पीछे से एक तेज रफ्तार पिकअप वाहन आता है और उन्हें जोरदार टक्कर मार देता है. यह वीडियो इतना डरावना है कि इसे देखकर लोग सहम गए है. कई यूजर्स ने इस वीडियो को मुजफ्फरनगर का बताते हुए यूपी पुलिस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को टैग किया और मामले पर संज्ञान लेने की मांग की है.
मुजफ्फरनगर पुलिस ने किया पूरा खंडन
मुजफ्फरनगर पुलिस ने वायरल वीडियो पर तुरंत एक्शन लिया है. पुलिस ने एक प्रेस नोट जारी कर साफ किया कि वायरल वीडियो में दिख रही घटना मुजफ्फरनगर जिले की नहीं है. पुलिस ने कहा कि 1 अगस्त 2026 को एक्स पर फैलाया जा रहा यह वीडियो पूरी तरह से भ्रामक और गलत है. कुछ लोग सोशल मीडिया पर असत्य जानकारी फैलाकर आम जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं.
अफवाहों पर ध्यान न दें लोग
मुजफ्फरनगर पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे ऐसे भ्रामक और बिना पुष्टि वाले समाचारों या वीडियो पर बिल्कुल भी विश्वास न करें. किसी भी तरह की अफवाह को शेयर करने से बचें और केवल आधिकारिक सूचनाओं पर ही भरोसा करें. पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और दुर्घटना मुक्त बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं. हालांकि, पुलिस के खंडन के बाद अब लोग यह सवाल पूछ रहे हैं कि आखिर यह खौफनाक वीडियो कहां का है.
ADVERTISEMENT










