Muzaffarnagar News: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक हैरान करने वाली वारदात सामने आई है. यहाँ के सिविल लाइन थाना क्षेत्र स्थित जिला परिषद मार्केट की एक दुकान पर बैठे एक युवक को भीड़ ने घेरकर बेरहमी से पीट दिया. भीड़ को शक था कि लड़का और लड़की अलग-अलग धर्मों के हैं. इस मारपीट का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें लड़की लगातार बीच-बचाव कर युवक को बचाने की कोशिश कर रही है. सूचना मिलने पर मौके पर पहुँची पुलिस ने दोनों को सुरक्षित निकाला और मामले की जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
नाम छुपाने पर हुआ हंगामा
जानकारी के मुताबिक, शामली जिले के थाना भवन क्षेत्र के रहने वाले एक लड़के और एक लड़की को जिला परिषद मार्केट में जलपान की एक दुकान पर बैठे देखा गया था. वहाँ मौजूद कुछ लोगों को शक हुआ कि दोनों अलग-अलग धर्म के हैं, जिसके बाद भीड़ ने उन्हें घेर लिया. जब युवक से नाम पूछा गया, तो उसने खुद को 'आशु शर्मा' बताया. मौके पर मौजूद प्रशांत नाम के एक शख्स ने, जो खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बता रहा था, युवक से उसका गोत्र पूछ लिया. गोत्र न बता पाने पर युवक फंस गया और उसने कबूल किया कि वह मुस्लिम है और लड़की हिंदू है. इसके बाद वहाँ मौजूद लोग भड़क गए और हंगामा शुरू हो गया.
भीड़ ने की जमकर मारपीट
युवक की असली पहचान सामने आते ही देखते ही देखते बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. गुस्साए लोगों ने युवक के साथ जमकर मारपीट करना शुरू कर दिया. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि लड़की लगातार लोगों के सामने आ रही है और युवक को बचाने के लिए बीच-बचाव कर रही है, लेकिन भीड़ उस पर लगातार हमला करती रही. दूसरी तरफ, खुद को बजरंग दल का कार्यकर्ता बताने वाले प्रशांत का दावा है कि लड़का लड़की के साथ अभद्र व्यवहार कर रहा था. प्रशांत ने मारपीट के आरोप से इनकार करते हुए कहा कि वहाँ हजारों की भीड़ थी और भीड़ का कोई चेहरा नहीं होता.
पुलिस ने शुरू की जांच
हंगामे के दौरान ही किसी ने इस घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दे दी. सूचना मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुँची. पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए दोनों को भीड़ के चंगुल से सुरक्षित छुड़ाया और थाने ले आई. पुलिस अधिकारी का कहना है कि पीड़ित युवक को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है और लड़के-लड़की दोनों का मेडिकल कराया जा रहा है. पुलिस को मिलने वाली तहरीर और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के परिजनों को बुलाकर पूछताछ कर रही है और मौके पर पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है.
ADVERTISEMENT










