‘साहब, मेरा फोन ढूंढवा दीजिए…’, मुजफ्फरनगर में पानी में 45 हजार का मोबाइल गिरा तो फूट-फूटकर रोया डिलीवरी बॉय, नगर पालिका से लगाई गुहार

संदीप सैनी

• 09:13 AM • 19 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद शिव चौक पर भारी जलभराव ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी. इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय का करीब 45 हजार रुपये कीमत का मोबाइल पानी में गिर गया.

Muzaffarnagar Delivery Boy Mobile Fell In Water

Muzaffarnagar Delivery Boy Mobile Fell In Water

Google CTA

Muzaffarnagar Delivery Boy Mobile Fell In Water: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में मंगलवार को हुई तेज बारिश के बाद शिव चौक पर भारी जलभराव ने लोगों की मुश्किल बढ़ा दी. इसी दौरान एक डिलीवरी बॉय का करीब 45 हजार रुपये कीमत का मोबाइल पानी में गिर गया. घंटों तलाश के बाद भी फोन नहीं मिला तो युवक भावुक होकर रो पड़ा. उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

मोबाइल नहीं, रोजी-रोटी का सहारा था फोन

पीड़ित युवक की पहचान रामपुरी निवासी विशाल के रूप में हुई है. विशाल डिलीवरी बॉय का काम करता है और इसी से अपना और परिवार का खर्च चलाता है. उसके लिए मोबाइल सिर्फ एक महंगा फोन नहीं था, बल्कि कमाई का जरूरी साधन था. फोन पर ही उसे खाना पहुंचाने के ऑर्डर मिलते थे और वह उन्हें डिलीवर कर अपनी मेहनत की कमाई करता था.

तीन महीने पहले किस्तों पर खरीदा था फोन

जानकारी के मुताबिक, विशाल ने करीब तीन महीने पहले 45 हजार रुपये का मोबाइल किस्तों पर खरीदा था. वह अब तक सिर्फ तीन किस्तें जमा कर पाया था, जबकि बाकी रकम अभी चुकानी बाकी है. ऐसे में बारिश के पानी में फोन गिरने से उसकी आर्थिक परेशानी और बढ़ गई. मंगलवार को वह शिव चौक से खाना लेकर गुजर रहा था, तभी जलभराव के बीच मोबाइल अचानक पानी में गिर गया.

पानी में घंटों तलाशता रहा डिलीवरी बॉय

फोन गिरने के बाद विशाल ने अपना काम छोड़ दिया और पानी के भीतर हाथ डालकर मोबाइल तलाशने लगा. काफी देर तक कोशिश करने के बावजूद जब फोन नहीं मिला तो उसकी आंखों से आंसू छलक पड़े. मौके पर मौजूद एक व्यक्ति ने इस पूरे मंजर को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड कर लिया. बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.

नगरपालिका से लगाई आर्थिक मदद की गुहार

वायरल वीडियो में विशाल अपनी परेशानी बताते हुए भावुक नजर आया. उसने कहा 'मैं गरीब परिवार से हूं और डिलीवरी का काम करके अपना घर चलाता हूं. मेरा मोबाइल ही मेरे काम का सबसे जरूरी साधन था. साहब, मेरा फोन ढूंढवा दीजिए.' विशाल ने नगर पालिका से भी आर्थिक मदद की गुहार लगाई है. फिलहाल उसका खोया मोबाइल नहीं मिल सका है.