UP Monsoon: उत्तर प्रदेश में मानसून की बारिश का इंतजार अभी पूरी तरह खत्म नहीं हुआ है. राज्य में 18 अगस्त तक सामान्य से 17 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है. मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, यूपी में अब तक 418 मिमी बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य बारिश 504.5 मिमी होनी चाहिए थी. राज्य में 86.5 मिमी बारिश की कमी है.
ADVERTISEMENT
बारिश की कमी का असर खास तौर पर पूर्वी उत्तर प्रदेश में ज्यादा देखने को मिला है. यहां सामान्य 534.8 मिमी के मुकाबले सिर्फ 403.3 मिमी बारिश हुई है. यानी पूर्वी यूपी में बारिश 25 फीसदी कम है. वहीं पश्चिमी यूपी में स्थिति बेहतर है. यहां सामान्य 462 मिमी के मुकाबले 439 मिमी बारिश हुई है और कमी सिर्फ 5 फीसदी है.
आज किन-किन जिलों में होगी बारिश?
मौसम विभाग के अलर्ट के मुताबिक, 19 अगस्त को उत्तर प्रदेश के लगभग 55 जिलों में हल्की से भारी बारिश और गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की संभावना जताई गई है. खासकर पूर्वी उत्तर प्रदेश और तराई इलाकों में इसका असर ज्यादा देखा जा सकता है.
- अत्यंत भारी और भारी बारिश वाले प्रमुख जिले (ऑरेंज / रेड अलर्ट): सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, भदोही, प्रयागराज, प्रतापगढ़, कौशांबी, कुशीनगर, महाराजगंज, देवरिया, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा और बलरामपुर.
- मध्य व आसपास के इलाके: लखनऊ, रायबरेली, अमेठी, अयोध्या, सुल्तानपुर, बाराबंकी, लखीमपुर खीरी, सीतापुर और कानपुर.
- मध्यम से हल्की बारिश व बिजली गिरने की संभावना वाले अन्य जिले: बरेली, शाहजहांपुर, पीलीभीत, मुरादाबाद, मेरठ, आगरा, अलीगढ़, एटा, मैनपुरी, फर्रुखाबाद, कन्नौज, जालौन, झांसी और हमीरपुर.
कई जिलों में बारिश की भारी कमी
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, यूपी के जिलों में बारिश का आंकड़ा एक जैसा नहीं है. 7 जिलों में सामान्य से 60 से 99 फीसदी तक कम बारिश हुई है. वहीं 30 जिले ऐसे हैं, जहां बारिश की कमी 20 से 59 फीसदी के बीच है.
दूसरी ओर, कुछ जिलों में सामान्य से काफी ज्यादा बारिश हुई है. मेरठ, मुजफ्फरनगर और संभल में सामान्य से 60 फीसदी या उससे ज्यादा बारिश दर्ज की गई है. इसके अलावा 6 जिलों में 20 से 59 फीसदी तक अधिक बारिश हुई है.
वहीं 29 जिलों में बारिश सामान्य दायरे में रही है. IMD के मुताबिक, सामान्य बारिश की श्रेणी में वे जिले आते हैं जहां बारिश सामान्य से 19 फीसदी ज्यादा या 19 फीसदी कम तक हो.
अब बदलने वाला है मौसम का मिजाज
बारिश की कमी के बीच अगले कुछ दिन उत्तर प्रदेश के लिए राहत लेकर आ सकते हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राज्य में बारिश की गतिविधियां बढ़ने का अनुमान जताया है. इसका कारण झारखंड और उससे सटे गंगीय पश्चिम बंगाल के ऊपर बना डिप्रेशन है.
मौसम विभाग के मुताबिक, यह सिस्टम पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा. इसके प्रभाव से यूपी के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है.
23 अगस्त तक कई इलाकों में भारी बारिश
IMD ने 23 अगस्त तक पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है. कुछ जगहों पर बहुत भारी बारिश भी हो सकती है. खासकर पूर्वी यूपी में बारिश का असर ज्यादा रहने की संभावना है.
मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार को पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अत्यंत भारी बारिश की चेतावनी दी है. इसके बाद सप्ताह के बाकी दिनों में भी कई इलाकों में भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है.
ADVERTISEMENT











