कौन हैं मेरठ की डिप्टी SP सुचिता सिंह जिन्होंने परशुराम जन्मोत्सव पर फरसा-डंडा लहराते लड़कों को लताड़ा?

Suchita Singh DSP News: मेरठ में परशुराम जन्मोत्सव के दौरान फरसा और डंडा लहराने वाले युवकों को महिला डिप्टी एसपी सुचिता सिंह ने सख्त चेतावनी दी. उन्होंने साफ किया कि नियम तोड़ने वालों पर मुकदमा दर्ज होगा.

यूपी तक

• 06:43 PM • 20 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के मेरठ में भगवान परशुराम जन्मोत्सव के दौरान निकली 'शौर्य यात्रा' अब एक महिला पुलिस अधिकारी के कड़े तेवरों की वजह से सुर्खियों में है. डिप्टी एसपी सुचिता सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर जबरदस्त तरीके से वायरल हो रहा है, जिसमें वह कानून तोड़ने वालों को खुलेआम चेतावनी देती नजर आ रही हैं.

यह भी पढ़ें...

'सब पर FIR होगी'

मेरठ में रविवार को धूमधाम से भव्य शौर्य यात्रा निकाली जा रही थी. जुलूस में बुलडोजर आकर्षण का केंद्र बना हुआ था, लेकिन इसी बीच कुछ युवक हाथों में फरसा और डंडे लहराते हुए नजर आए. सुरक्षा व्यवस्था की कमान संभाल रही डिप्टी एसपी सुचिता सिंह ने जैसे ही यह देखा, उन्होंने तुरंत मोर्चा संभाल लिया.

माइक हाथ में लेकर उन्होंने भरी भीड़ के बीच ऐलान किया, "यह जो फरसा और डंडा लहरा रहे हैं, इन सबकी फोटोग्राफी हो रही है. मैं अभी बता रही हूं, इन सब पर मुकदमा लिखा जाएगा. जितने भी डंडे हैं, सब नीचे करिए."

चेतावनी से मचा हड़कंप, सतर्क हुई पुलिस

महिला अधिकारी का यह सख्त अंदाज देख जुलूस में मौजूद युवकों के बीच खलबली मच गई. डिप्टी एसपी ने साफ कर दिया कि धार्मिक आयोजन की आड़ में हथियारों का प्रदर्शन और कानून का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. सोशल मीडिया पर अब सुचिता सिंह की इस कार्रवाई की जमकर तारीफ हो रही है. लोग कह रहे हैं कि कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए ऐसे ही 'सिंघम' अवतार की जरूरत है.

कौन हैं डिप्टी एसपी सुचिता सिंह?

सुचिता सिंह की पहचान एक बेहद काबिल और तेज-तर्रार अधिकारी के रूप में होती है. उन्होंने यूपीपीएससी (UPPSC) 2018 की परीक्षा में पूरे प्रदेश में दूसरी रैंक हासिल की थी. सुचिता मूल रूप से प्रतापगढ़ की हैं और उनके पिता अखिलेश सिंह भी पीसीएस (PCS) अफसर रह चुके हैं. वर्तमान में वह मेरठ में सीओ (CO) के रूप में तैनात हैं और अपनी कार्यशैली के लिए जानी जाती हैं. मेरठ की इस शौर्य यात्रा से ज्यादा अब चर्चा सुचिता सिंह के उन कड़े तेवरों की हो रही है, जिन्होंने स्पष्ट संदेश दे दिया है कि नियम तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.