मेरठ के नए एसपी सिटी विनायक भोसले ने तैनाती के तीसरे दिन ही जो किया Video हो गया वायरल

मेरठ के नए एसपी सिटी विनायक भोसले ने सेंट्रल मार्केट में धरने पर बैठी महिलाओं से संवाद कर शांति की अपील की. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के खिलाफ यहां 7 दिनों से प्रदर्शन जारी है.

यूपी तक

• 03:37 PM • 18 Apr 2026

follow google news

मेरठ के नए एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले इन दिनों अपने खास अंदाज को लेकर चर्चा में हैं. चार्ज संभाले अभी महज तीन दिन ही हुए थे कि वे सीधे मेरठ के सेंट्रल मार्केट के धरना स्थल पर पहुंच गए. वहां पिछले 7 दिनों से सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश के खिलाफ व्यापारियों और स्थानीय लोगों का विरोध प्रदर्शन जारी है. इस दौरान एसपी विनायक ने धरने पर बैठी महिलाओं से जिस तरह संवाद किया, उसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

यह भी पढ़ें...

'आप मेरे परिवार जैसी हैं'- महिलाओं से एसपी की भावुक अपील

धरना स्थल पर पहुंचे एसपी विनायक भोसले ने प्रदर्शनकारी महिलाओं को परिवार समान बताते हुए उनसे शांति बनाए रखने की अपील की. उन्होंने बेहद शालीनता से महिलाओं को समझाया कि कानून-व्यवस्था को हाथ में न लें और किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें. उन्होंने कहा कि वे खुद स्थिति को समझने आए हैं और स्थानीय पार्षदों व अध्यक्षों से इलाके की समस्याओं का फीडबैक ले रहे हैं.

क्या है पूरा विवाद, क्यों जल रही है विरोध की आग

दरअसल, मेरठ के शास्त्री नगर और सेंट्रल मार्केट इलाके में 9 अप्रैल को आए सुप्रीम कोर्ट के एक आदेश ने व्यापारियों और निवासियों की नींद उड़ा दी है. कोर्ट ने 859 आवासीय भूखंडों में चल रही व्यावसायिक गतिविधियों को अवैध घोषित करते हुए सख्त रुख अपनाया है. इस आदेश के बाद से ही व्यापारियों में अपने कारोबार और घर को लेकर गहरा असंतोष है, जिसके विरोध में महिलाएं और पुरुष पिछले एक हफ्ते से धरने पर बैठे हैं.

संवाद से समाधान की कोशिश

नए एसपी सिटी का मकसद प्रदर्शनकारियों को यह समझाना था कि समस्याओं का हल केवल बातचीत और कानूनी दायरे में रहकर ही संभव है. उन्होंने लोगों से अपील की कि किसी भी भ्रामक जानकारी पर भरोसा करने के बजाय सीधे प्रशासन से संपर्क करें.

एसपी विनायक भोसले की इस संवेदनशीलता और सीधी बातचीत के तरीके की लोग काफी सराहना कर रहे हैं. फिलहाल, इलाके में शांति बनी हुई है, लेकिन व्यापारियों का विरोध प्रदर्शन जारी है. अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस जटिल कानूनी विवाद का क्या समाधान निकालता है.