उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक ऐसी रूह कंपा देने वाली वारदात सामने आई है, जिसने पिता-बेटी के रिश्ते को लहूलुहान कर दिया है. शहर के त्रिमूर्ति अपार्टमेंट में एक पिता ने अपनी ही दो मासूम जुड़वां बेटियों की गला रेतकर बेरहमी से हत्या कर दी. इस दोहरे हत्याकांड की वजह खूनी शक बताई जा रही है, जिसने हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया.
ADVERTISEMENT
आधी रात को कसाई बना पिता, 11 साल की बेटियों का कत्ल
घटना रविवार तड़के की है, जब अपार्टमेंट के एक फ्लैट में 11 वर्षीय जुड़वां बहनों की उनके अपने पिता ने ही जान ले ली. आरोपी पिता ने धारदार हथियार से सोती हुई बच्चियों का गला रेत दिया. रोंगटे खड़े कर देने वाली बात यह है कि इस जघन्य अपराध को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद फोन कर पुलिस को इसकी सूचना दी.
मां का दर्द- नशा और शक ने ली जान
पीड़ित बच्चियों की मां रेशमा छेत्री ने रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई. उन्होंने बताया कि उनकी शादी 2014 में हुई थी, लेकिन पति का व्यवहार शुरू से ही हिंसक था. आरोपी अक्सर नशे में रहता था और अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करता था. रेशमा ने आरोप लगाया कि पति उसे मायके जाने से रोकता था और छोटी-छोटी बातों पर मारपीट कर मानसिक प्रताड़ना देता था. इसी दमनकारी व्यवहार और शक की सनक ने आज दो मासूमों की बलि ले ली.
पुलिस की कार्रवाई, आरोपी गिरफ्तार
कानपुर पुलिस के मुताबिक, घटना की जानकारी यूपी-112 के जरिए मिली. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने दोनों बच्चियों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया है और हत्या में इस्तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया गया है.
ADVERTISEMENT









