Kanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है. महाराजपुर इलाके में रहने वाले गोलू सिंह की बेरहमी से हत्या कर दी गई है. परिजनों का आरोप है कि गोलू ने अपनी मेहनत और मजदूरी के पैसे मांगे थे, जिसकी कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी है. जानकारी के मुताबिक, 15 जून को गोलू लापता हो गया था. हालांकि तीन दिन बाद बेटे की मौत की खबर परिजनों को मिली, जिससे पूरे परिवार में कोहराम मच गया है. महज 2 साल पहले ही गोलू की शादी हुई थी. अब मृतक का परिवार सीएम योगी आदित्यनाथ से इंसाफ की गुहार लगा रहा है.
ADVERTISEMENT
मेहनत की कमाई मांगना बना मौत का कारण
कानपुर के महाराजपुर के रहने वाले गोलू सिंह ने भूसे का काम किया था. परिवार के मुताबिक, वह सिर्फ उसी काम का अपना मेहनताना मांग रहा था. 15 जून (सोमवार) को गोलू घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा. परिजन तीन दिन तक दर-दर भटकते रहे. तीसरे दिन उन्हें खबर मिली कि गोलू का शव बरामद हुआ है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में यह साफ हो गया कि गोलू की बेरहमी से हत्या की गई है.
'अकेले बुलाकर बेरहमी से मार डाला'
परिजनों ने हत्या का सीधा आरोप कुछ विशेष समुदाय और गांव के लोगों पर लगाया है. पीड़ित परिवार का कहना है कि मजदूरी के पैसों को लेकर पहले भी झगड़ा हुआ था. इसके बाद साजिश के तहत गोलू को अकेला जानकर बुलाया गया और फिर उसके साथ जमकर मारपीट करते हुए उसे मौत के घाट उतार दिया गया है. परिवार का आरोप है कि हत्यारों ने पहले भी उसे 'काट डालने' की धमकी दी थी.
'भीख मांग लेंगे, खून का पैसा नहीं चाहिए'
इस दर्दनाक घटना के बाद गोलू की मां और उसकी पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल है. मृतक की मां ने पुलिस के मुआवजे वाले प्रस्ताव को सिरे से ठुकरा दिया है. रोती हुई मां ने कहा, 'हम पुलिस से कोई पैसा नहीं चाहते. हम गांव से भीख मांग कर खा लेंगे, मदद मांग लेंगे, लेकिन अपने बच्चे की मौत का पैसा नहीं खाएंगे.' परिवार ने चेतावनी दी कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो जाती, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे. उन्होंने यह भी कहा, 'आज योगी सरकार होते हुए भी हमारे भाई की हत्या की गई है, योगी साहब और ठाकुर साहब हमें न्याय मिलना चाहिए.'
पुलिस का एक्शन और आगे की जांच
इस तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात है. पुलिस का कहना है कि गांव में अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से करवाई जा रही है और कानून व्यवस्था की स्थिति पूरी तरह से सामान्य है. पुलिस अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि परिजनों ने जिन पर हत्या की आशंका जताई है, उन्हें हिरासत में लेने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई है. इसके अलावा, फॉरेंसिक टीम भी मौके पर साक्ष्य संकलन में जुटी हुई है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ADVERTISEMENT









