राम मंदिर के दान कक्ष का CCTV VIDEO वायरल... वीडियो में नोटों का ढेर गिनते नजर आ रहे लोग, SIT ने तेज की जांच!

Ram Mandir Donation Case: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की कथित हेराफेरी मामले का एक वीडियो सामने आया है. इस वायरल वीडियो में नोटों का पहाड़ गिना जा रहा है. SIT पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है. फिलहार इस पूरे मामले में 9 कर्मचारियों को शक के घेरे में रखा गया है.

यूपी तक

• 01:20 PM • 19 Jun 2026

follow google news

Ram Mandir Donation Case: उत्तर प्रदेश के अयोध्या में स्थित राम मंदिर के कथित चढ़ावे की हेराफेरी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है. सोशल मीडिया पर मंदिर के दान कक्ष का एक सीसीटीवी वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक बड़ी टेबल पर नोटों का ढेर लगा है और कुछ लोग उसकी गिनती करते हुए दिखाई दे रहे हैं. दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो राम मंदिर के दान कक्ष का है और यहां से कथित तौर पर 200 करोड़ रुपये की चोरी हुई है. हालांकि, मंदिर ट्रस्ट या प्रशासन ने अभी तक इन दावों की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, फिलहाल एसआईटी (SIT) इस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है.

यह भी पढ़ें...

वायरल वीडियो और राजनीतिक बवाल

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस सीसीटीवी वीडियो को लेकर 200 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित चोरी का दावा किया जा रहा है. इस कथित घोटाले की खबर फैलते ही प्रदेश की राजनीति भी पूरी तरह से गरमा गई है. विपक्षी दल लगातार सरकार और श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट पर सवाल उठा रहे हैं. वीडियो के सामने आने के बाद लोगों के मन में भी सैकड़ों सवाल उठने लगे हैं, हालांकि इन दावों की अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है.

एसआईटी ने तेज की जांच

एसआईटी (SIT) की टीम ने 2 दिनों तक राम मंदिर परिसर में रहकर दान प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से निरीक्षण किया है. जांच टीम ने पहले दिन करीब 8 घंटे और दूसरे दिन लगभग 11 घंटे तक पड़ताल की थी. जांच अधिकारियों ने दान राशि गिनने वाले कमरे के सीसीटीवी फुटेज का डेटा करीब 12 पेन ड्राइव में सुरक्षित कर लिया है. इसके अलावा, एसआईटी ने पूरी प्रक्रिया को समझने के लिए स्टेट बैंक (SBI) के कर्मचारियों से भी विस्तृत जानकारी ली है और अब पूर्व कर्मचारियों से भी पूछताछ की तैयारी की जा रही है.

9 कर्मचारियों पर विशेष नजर

प्रारंभिक जांच के दौरान मंदिर से जुड़े ऐसे 9 कर्मचारियों की जानकारी सामने आई है, जिन्होंने हाल-फिलहाल में महंगे मोबाइल फोन और वाहन खरीदे हैं. जांच एजेंसियां अब इन कर्मचारियों की गतिविधियों पर विशेष नजर रख रही हैं. वहीं, इस मामले में चर्चा में आए रामशंकर उर्फ टिन्नू यादव ने अपने ऊपर लगे सभी आरोपों को सिरे से खारिज किया है. उन्होंने अपनी सफाई में कहा है कि, 'मेरे खिलाफ लगाए गए आरोप पूरी तरीके से गलत हैं.' फिलहाल एसआईटी हर एक पहलू की बारीकी से जांच कर रही है.