Yogi Adityanath Ayodhya Visit: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज रामनगरी अयोध्या के अहम दौरे पर हैं. इस दौरे पर विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और संत समाज के कार्यक्रमों के बीच एक मुद्दा सबसे ज्यादा सुर्खियों में बना हुआ है. दरअसल, श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम सीएम योगी के आधिकारिक कार्यक्रम (प्रोटोकॉल) से बाहर रखा गया है. ऐसे में चंपत राय की अनुपस्थिति और उनकी जगह किसी अन्य प्रतिनिधि को बुलाए जाने से कई तरह के सवाल खड़े हो रहे हैं.
ADVERTISEMENT
चंपत राय का नाम गायब
जब भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अयोध्या आते हैं और राम मंदिर से जुड़े कार्यक्रमों में हिस्सा लेते हैं, तब ट्रस्ट के प्रमुख पदाधिकारी अनिवार्य रूप से उनके साथ मौजूद रहते हैं. लेकिन इस बार हैरान करने वाली बात यह है कि सीएम के आधिकारिक प्रोटोकॉल में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय का नाम ही शामिल नहीं किया गया है. उनकी जगह ट्रस्ट के किसी दूसरे प्रतिनिधि को कार्यक्रम में मौजूद रहने के लिए कहा गया है.
क्या एसआईटी जांच है वजह?
चंपत राय का नाम प्रोटोकॉल से हटने के पीछे राम मंदिर में आने वाले दान को लेकर चल रहे विवाद को भी एक बड़ी वजह माना जा रहा है. पिछले कुछ समय से मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं द्वारा किए गए दान से जुड़े कुछ आरोपों की चर्चा चल रही है. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए एक एसआईटी (SIT) काम कर रही है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच के दौरान चंपत राय से भी कुछ बिंदुओं पर पूछताछ की गई थी. हालांकि, अब तक किसी भी जांच एजेंसी ने उनके खिलाफ कोई आरोप साबित नहीं किया है और न ही उन्हें दोषी ठहराया गया है.
प्रशासन और ट्रस्ट की चुप्पी
सीएम के कार्यक्रम से चंपत राय की यह दूरी केवल एक सामान्य प्रशासनिक व्यवस्था का हिस्सा है या इसके पीछे कोई और गंभीर वजह है, यह एक बड़ा रहस्य बना हुआ है. फिलहाल इस मामले में न तो जिला प्रशासन की तरफ से और न ही राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने आया है.
सीएम योगी का अयोध्या शेड्यूल
अपने इस अहम दौरे को लेकर सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी साझा की है. उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा है कि, 'आज प्रभु श्री राम की प्राणप्रिय नगरी श्री अयोध्या धाम की पावन धरा पर आस्था, संस्कृति, संत परंपरा और विकास के विविध आयाम एक साथ साकार रूप में दिखाई देंगे.' सीएम योगी आज वीरांगना झलकारी बाई की प्रतिमा का अनावरण, भगवान मुनिसुव्रतनाथ पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव और महंत श्री नृत्य गोपाल दास जी महाराज के जन्मोत्सव में शामिल होंगे. इसके अलावा वह 'रामायण वैक्स म्यूजियम' सहित कई अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण भी करेंगे.
ADVERTISEMENT









