काशी विश्वनाथ धाम के नए रास्ते की तैयारी तेज, दालमंडी में 5 मस्जिदों की पैमाइश ... भारी पुलिस फोर्स के बीच हुआ सर्वे

Varanasi Dalmandi: वाराणसी के दालमंडी इलाके में काशी विश्वनाथ धाम के लिए प्रस्तावित सड़क चौड़ीकरण परियोजना के तहत 5 मस्जिदों की नापी की गई है. प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस सुरक्षा के बीच सर्वे किया है.

यूपी तक

19 Jun 2026 (अपडेटेड: 19 Jun 2026, 03:50 PM)

follow google news

Varanasi Dalmandi: उत्तर प्रदेश के वाराणसी में काशी विश्वनाथ धाम के लिए बनाए जा रहे वैकल्पिक रास्ते को लेकर बड़ी खबर सामने आई है. मुस्लिम बहुल इलाके दालमंडी में सड़क चौड़ीकरण की सुगबुगाहट के बीच प्रशासनिक हलचल काफी तेज हो गई है. चौड़ीकरण की जद में आ रही 5 मस्जिदों की प्रशासनिक टीम ने भारी पुलिस फोर्स की मौजूदगी में नाप की है. इस कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरातफरी का माहौल देखा गया है, जिसे संभालने के लिए मौके पर पीएसी (PAC) और आरआरएफ (RRF) के जवान मुस्तैद दिखाई दिए.

यह भी पढ़ें...

काशी विश्वनाथ धाम का रास्ता

वाराणसी के दालमंडी इलाके को लगभग 17.4 मीटर (यानी 60 फीट) तक चौड़ा किया जाना है. 650 मीटर लंबी इस सड़क के चौड़ीकरण की जद में कुल 181 भवन और 6 मस्जिदें आ रही हैं. इसी कड़ी में पीडब्ल्यूडी (PWD), वीडीए (VDA) और नगर निगम की संयुक्त टीम ने मस्जिदों के अंदर और बाहर दोनों हिस्सों को नापा है, ताकि यह साफ हो सके कि इनका कितना हिस्सा चौड़ीकरण की जद में आ रहा है.

इन 5 मस्जिदों की हुई नापी

जिन मस्जिदों की नापी की गई है, उनमें मिर्जा कलीमुल्लाह बेग मस्जिद, संगमरमर मस्जिद, अली रजा खान मस्जिद, निसारन मस्जिद और रंगीले शाह मस्जिद शामिल हैं. वहीं, नई सड़क की तरफ स्थित लंगड़े हाफिज मस्जिद की नापी प्रशासन द्वारा पहले ही की जा चुकी है. इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं.

140 भवनों पर चल रहा हथौड़ा

पीडब्ल्यूडी के वाराणसी के चीफ इंजीनियर केके सिंह ने बताया है कि अब तक 140 भवनों पर डिस्मेंटलिंग (ध्वस्तीकरण) की प्रक्रिया चल रही है. उन्होंने दावा किया है कि जून माह के अंत तक जमीन खाली होने की उम्मीद है और उसके बाद 3 महीने में निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा. हालांकि, उन्होंने मस्जिदों की नापी के सवाल पर अनभिज्ञता जाहिर करते हुए कहा कि उनके संज्ञान में यह बात नहीं है.

मीट बैन से भी बढ़ा है गुस्सा

बता दें कि दालमंडी में चल रही ध्वस्तीकरण की इस कार्रवाई के अलावा हाल ही में वाराणसी नगर निगम ने एक और बड़ा फैसला लिया है. शहर की सीमा के अंदर मीट, मांस और मछली की दुकानों पर प्रतिबंध लगाकर उन्हें शहर से बाहर शिफ्ट करने का आदेश जारी किया गया है. इस आदेश के बाद से ही मांस विक्रेताओं में खासा रोष है. ऐसे में एक तरफ मीट बैन और दूसरी तरफ दालमंडी में चल रहा ध्वस्तीकरण लोगों के गुस्से में और इजाफा कर रहा है.