वाराणसी में शादी वाले घर में बरसी गोलियां, उठी अर्थी! आखिर कौन हैं राजन के हत्यारे?

Varanasi Murder Case: वाराणसी के चौक क्षेत्र में बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई से पहले एक बुजुर्ग राजन की गोली मारकर हत्या कर दी गई. परिवार ने बताया कि कुछ दिन पहले भी हथियारबंद बदमाश उन्हें मारने आए थे.

यूपी तक

• 09:57 AM • 16 Jun 2026

follow google news

Varanasi Murder Case: वाराणसी के चौक क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां बेटे की सगाई की खुशियों के बीच एक बुजुर्ग की गोली मारकर हत्या कर दी गई. मृतक की पहचान राजन के रूप में हुई है, जो अपने बेटे की 20 जून को होने वाली सगाई में शामिल होने के लिए परिवार के साथ वाराणसी आए थे. परिवार में खुशी का माहौल था, लेकिन तड़के सुबह हुई इस घटना ने पूरे घर की खुशियों को मातम में बदल दिया. घटना चौक क्षेत्र की एक मलिन बस्ती में हुई, जहां राजन घर के बाहर चारपाई पर सो रहे थे, तभी अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई.

यह भी पढ़ें...

मृतक के बेटे ने बताया कि यह पहली बार नहीं था जब उनके पिता को निशाना बनाया गया हो. कुछ दिन पहले भी दो हथियारबंद बदमाश उनके पिता को मारने की नीयत से पहुंचे थे, लेकिन उस समय वे किसी तरह वहां से भाग निकले थे. परिवार का कहना है कि उस घटना के बाद भी खतरे की आशंका बनी हुई थी, लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि ऐसा दुखद हादसा सगाई से ठीक पहले हो जाएगा. राजन अपने परिवार के साथ खुशियों के इस मौके की तैयारियों में जुटे थे, लेकिन अचानक हुई इस वारदात ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और जांच शुरू कर दी गई. फोरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया, जिसने जरूरी साक्ष्य जुटाने का काम शुरू किया. फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है. बताया जा रहा है कि मृतक ने दो शादियां की थीं और वह अपनी दूसरी पत्नी के साथ वाराणसी में रह रहे थे. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हमलावरों की पहचान व हत्या के मकसद का पता लगाने में जुटी है. इलाके में इस घटना के बाद शोक और दहशत का माहौल बना हुआ है.