Unnao Encounter: उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में साधु मिलन दास की निर्मम हत्या करने वाले मुख्य आरोपी इसराइल को पुलिस ने रविवार देर रात एक एनकाउंटर में मार गिराया है. आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर चेकिंग के दौरान हुई इस मुठभेड़ में पुलिस की जवाबी कार्रवाई में 1 लाख रुपये का इनामी इसराइल मारा गया है. इस पुलिस कार्रवाई के बाद इसराइल के सगे भाई गुड्डू ने भी एक बड़ा बयान देते हुए अपने भाई के कृत्य को पूरी तरह से गलत ठहराया है. फिलहाल पुलिस ने आरोपी के घर के बाहर भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया है.
ADVERTISEMENT
भाई बोला-बहुत गलत किया है
इजराइल के पुलिस एनकाउंटर में मारे जाने के बाद उसके भाई गुड्डू ने मीडिया के सामने आकर बड़ा दावा किया है. गुड्डू ने बिना किसी अफसोस के स्पष्ट रूप से कहा है कि, 'इसने तो बहुत बड़ी गलती की, इसने ऐसा किया कि चकू मारा बाबा को, गलत भी मारा.' भाई का साफ तौर पर मानना है कि इसराइल ने साधु की हत्या करके बहुत बड़ा गुनाह किया था. गुड्डू ने यह भी बताया है कि घटना के वक्त वे लोग शादी में व्यस्त थे और उन्हें इस हत्या के बारे में कोई भी जानकारी नहीं थी.
साउंड सिस्टम पर हुआ विवाद
उन्नाव के बांगरमऊ इलाके में रहने वाले साधु मिलन दास अपनी जमीन पर राम मंदिर का निर्माण करवा रहे थे. पुलिस के मुताबिक, 9 जून को मंदिर में साउंड सिस्टम बजाने को लेकर इजराइल और बाबा मिलन दास के बीच एक बड़ा विवाद हुआ था. इसी विवाद के चलते गांव के ही रहने वाले इसराइल ने दिनदहाड़े बाबा मिलन दास पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था, जिसमें उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई थी. इस मामले में पुलिस ने पहले ही 4 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था, जबकि मुख्य आरोपी इसराइल तभी से फरार चल रहा था.
पुलिस टीम पर की फायरिंग
रविवार देर रात बांगरमऊ पुलिस और एसओजी की टीम एक्सप्रेसवे के पास चेकिंग कर रही थी, तभी उन्हें इजराइल के छिपे होने की गुप्त सूचना मिली थी. जब पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर उसकी घेराबंदी की, तो गिरफ्तारी से बचने के लिए इसराइल ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी थी. इस दौरान एक गोली उपनिरीक्षक न्यूटन सिंह की बुलेट प्रूफ जैकेट पर लगी है, जबकि सिपाही भदौरिया के हाथ में गोली लगने से वह घायल हो गए है. इसके बाद पुलिस की जवाबी फायरिंग में इसराइल मारा गया है.
ADVERTISEMENT









