बेटी के घूमने से नाराज पिता ने की हत्या, 19 साल की मुस्कान को कुल्हाड़ी से काटा... पत्नी का भी किया बुरा हाल!

Firozabad Murder Case: यूपी के फिरोजाबाद में 14 जून की शाम एक पिता ने अपनी 19 साल की बेटी मुस्कान की कुल्हाड़ी से काटकर हत्या कर दी है. इस वारदात में बीच-बचाव करने आई पत्नी को भी पति ने कुल्हाड़ी से मारकर अधमरा कर दिया है.

यूपी तक

• 07:26 PM • 15 Jun 2026

follow google news

Firozabad Murder Case: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में 14 जून की शाम एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है. थाना बसई मोहम्मदपुर इलाके की नीलकंठ कॉलोनी में एक क्रूर पिता ने अपनी ही 19 वर्षीय बेटी की कुल्हाड़ी से काटकर बेरहमी से हत्या कर दी है. इस भयानक हमले में जब पत्नी अपनी बेटी को बचाने आई, तो आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमला करके उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया. पड़ोसियों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है और घायल महिला को इलाज के लिए आगरा रेफर कर दिया गया है.

यह भी पढ़ें...

कुल्हाड़ी से किया खौफनाक हमला

14 जून की शाम करीब 6:00 बजे सोफीपुर गांव की नीलकंठ कॉलोनी में राकेश राठौर के घर से अचानक चीख-पुकार मचने लगी थी. इस खौफनाक आवाज को सुनकर राकेश के पड़ोसी सोनू ने तुरंत पुलिस को इस हमले की सूचना दे दी थी. जब बसई मोहम्मदपुर पुलिस मौके पर पहुंची, तो फर्श पर खून बिखरा हुआ था और 19 वर्षीय मुस्कान लहूलुहान हालत में दम तोड़ चुकी थी. बेटी को मौत के घाट उतारने के बाद आरोपी पिता ने अपनी पत्नी पर भी कुल्हाड़ी से जानलेवा वार किया था.

आरोपी पिता राकेश हुआ गिरफ्तार

घर के अंदर का खौफनाक मंजर देखने के बाद पुलिस ने बिना एक सेकंड गंवाए गंभीर रूप से घायल पत्नी को जिला अस्पताल पहुंचाया था, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे आगरा रेफर कर दिया है. इस बीच, सगी बेटी का कत्ल और पत्नी को अधमरा करने के बाद भागने की फिराक में बैठे आरोपी राकेश राठौर को पुलिस ने घेराबंदी करके दबोच लिया है. पुलिस अधिकारी ने मामले की जानकारी देते हुए स्पष्ट किया है कि, 'लड़की मुस्कान की मृत्यु हो चुकी थी और पत्नी घायल अवस्था में मिली थी, पुलिस टीम ने जांच करते हुए राकेश कुमार की गिरफ्तारी कर ली है.'

बेटी के घूमने पर विवाद

पुलिस की शुरुआती जांच और पड़ोसियों के बयानों से इस हत्या के पीछे का असली कारण सामने आ गया है. बताया जाता है कि 19 वर्षीय मुस्कान अक्सर अकेले या किसी लड़के के साथ घूमने जाया करती थी, जिससे उसका पिता राकेश काफी ज्यादा परेशान रहता था. अभी कुछ दिन पहले ही मुस्कान राजस्थान के खाटूश्याम जी मंदिर दर्शन के लिए गई थी, जिसको लेकर पिता और पुत्री के बीच घर में काफी भारी विवाद हुआ था. इसी बात से नाराज होकर उस क्रूर पिता ने इस वीभत्स हत्याकांड को अंजाम दिया है.