आगरा में पुलिस रेड के दौरान तीसरे मंजिल से गिरकर ललित की मौत, परिजनों ने लगाया धक्का देने का आरोप, 2 सिपाही सस्पेंड

यूपी तक

• 05:09 PM • 18 Oct 2026

Agra Police Raid Case: आगरा के रकाबगंज थाना क्षेत्र में जुए की सूचना पर पुलिस की दबिश के दौरान 38 वर्षीय ललित की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. परिजनों ने पुलिस पर मारपीट कर धक्का देने का आरोप लगाया है.

Google CTA

Agra Police Raid Case: उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस की दबिश के दौरान एक युवक की मौत के बाद भयंकर बवाल मच गया. रकाबगंज थाना क्षेत्र के रावली इलाके में शुक्रवार देर रात पुलिस की टीम जुए की सूचना पर छापा मारने पहुंची थी. इसी दौरान 38 साल के ललित नाम के युवक की तीसरी मंजिल से गिरकर मौत हो गई. इस घटना के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने शव को सड़क पर रखकर जाम लगा दिया. मृतक की पत्नी अपनी डेढ़ महीने की मासूम बच्ची को गोद में लेकर पुलिस से इंसाफ मांगती नजर आई. हालात बेकाबू होते देख भारी पुलिस फोर्स को मौके पर बुलाना पड़ा.

यह भी देखें...

पुलिस पर धक्का देने का आरोप

मृतक ललित के पिता चंदन राजपूत ने पुलिस पर बेहद गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि रात करीब 12 बजे पुलिसकर्मी सीधे छत पर पहुंचे, जहां चार लोग ताश खेल रहे थे. तीन लोग भागने में सफल रहे, लेकिन ललित वहीं रह गया. परिजनों का सीधा आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने ललित के साथ मारपीट की और पैसे न देने पर उसे तीसरी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया. परिवार ने यह भी कहा कि पुलिस घायल ललित को अस्पताल ले जाने के बजाय मौके से भाग गई.

विधायक ने दिया न्याय का आश्वासन

सड़क पर हंगामे की खबर मिलने के बाद स्थानीय विधायक जीएस धर्मेश मौके पर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की. विधायक ने परिजनों को न्याय दिलाने, दोषियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने और परिवार के एक सदस्य को नौकरी दिलाने का आश्वासन दिया. वहीं, डीसीपी सिटी रविंद्र कुमार ने सफाई देते हुए कहा कि पुलिस को देखकर छत पर मौजूद लोग भागने लगे थे. पुलिस का दावा है कि भागने की हड़बड़ी में ही ललित छत से नीचे गिर गया.

दो पुलिसकर्मी निलंबित, जांच के आदेश

मामले की गंभीरता और लोगों के भारी आक्रोश को देखते हुए पुलिस विभाग ने तुरंत एक्शन लिया है. डीसीपी सिटी ने चीता मोबाइल के दो सिपाहियों, शिवम राठी और आकाश शर्मा, को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है. पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की जिम्मेदारी एसीपी छत्ता को सौंप दी गई है. मृतक ललित एक प्राइवेट अस्पताल में कंपाउंडर के रूप में काम करता था और अपने पीछे पत्नी के साथ दो छोटी बेटियां छोड़ गया है.