Asaduddin Owaisi Bahraich UP: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी का विवाद अब थमने का नाम नहीं ले रहा है. बहराइच की मटेरा विधानसभा में अपनी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए एआईएमआईएम (AIMIM) चीफ असदुद्दीन ओवैसी ने इस मुद्दे पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से तीखे सवाल पूछे हैं. मुख्यमंत्री के 'बेटी सबकी बेटी होती है' वाले बयान पर निशाना साधते हुए ओवैसी ने मुस्लिम महिलाओं के लिए भी इंसाफ की मांग की है. इस दौरान उन्होंने मंच से मुजफ्फरनगर और मैनपुरी की पीड़ित मुस्लिम महिलाओं का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री से उन्हें इंसाफ देने की मांग की है. जिससे अब इस पूरे मामले में एक नया सियासी मोड़ सामने आ गया है.
ADVERTISEMENT
'क्या मुस्लिम बेटियां आपकी हैं?'
बहराइच की रैली में असदुद्दीन ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के उस बयान का जिक्र किया था, जिसमें उन्होंने अखिलेश यादव की बेटी को लेकर कहा था कि बेटी सबकी होती है. इस बयान पर ओवैसी ने मंच से सीधा सवाल पूछते हुए कहा है कि, 'क्या मुसलमानों की बेटी भी उनकी बेटी है?' ओवैसी ने मुख्यमंत्री को घेरते हुए यह स्पष्ट जवाब मांगा है कि क्या वे प्रदेश की मुस्लिम बेटियों को भी अपनी बेटी मानकर उनके साथ पूरा इंसाफ करने वाले हैं.
मुजफ्फरनगर और मैनपुरी का जिक्र
अपने भाषण के दौरान ओवैसी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पुराने मामलों की याद दिलाई है. उन्होंने मुजफ्फरनगर कांड का जिक्र करते हुए कहा है कि, 'क्या उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री उन 6 मुस्लिम महिलाओं को जिनको अभी तक इंसाफ नहीं मिला, क्या उनको अपनी बेटी समझकर वो उनको इंसाफ दिलाएंगे?' इसके अलावा ओवैसी ने 20 मई को मैनपुरी में मारे गए वारिस अली की बेटी स्वालिदा के लिए भी मुख्यमंत्री से इंसाफ की गुहार लगाई है.
सीएम योगी की सख्त नसीहत
दरअसल, अदिति यादव पर हुई टिप्पणी के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा था कि, 'बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए.' उन्होंने इस मामले में तुरंत एफआईआर दर्ज करने के आदेश भी दिए थे. लेकिन इसके साथ ही सीएम योगी ने अखिलेश यादव को सख्त लहजे में कहा था कि, 'अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हो, अपने चेले चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दो कि अपनी भाषा को संयम कर लें.' अब इस पूरे मामले पर सभी राजनीतिक दल अपनी-अपनी रोटियां सेंक रहे हैं और लगातार बयानबाजी कर रहे हैं.
ADVERTISEMENT









