Akhilesh Yadav daughter case: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई आपत्तिजनक और भ्रामक पोस्ट का मामला अब राजनीतिक रंग ले चुका है. इस विवाद के बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सहयोगी और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के प्रमुख ओम प्रकाश राजभर का बड़ा बयान सामने आया है. राजभर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर एक लंबा-चौड़ा पोस्ट साझा कर जहां एक तरफ अदिति यादव को अपनी बेटी बताते हुए उनके सम्मान में आवाज उठाई, वहीं दूसरी तरफ इस पूरे घटनाक्रम को लेकर अखिलेश यादव और सपा की राजनीतिक कार्यशैली पर ही गंभीर सवाल खड़े किए हैं.
ADVERTISEMENT
अखिलेश को बताया 'ट्विटर और एसी का नेता', उठाए गंभीर सवाल
ओम प्रकाश राजभर ने अपने आधिकारिक पोस्ट में अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए लिखा, "अदिति यादव मेरी भी बेटी हैं, लेकिन अखिलेश यादव जी को क्या कहूं? वह पूरी तरह से ट्विटर, एसी और पीसी (पत्रकार वार्ता) के नेता हैं, जिनमें कोई गंभीरता नहीं है." राजभर ने कहा कि अदिति के खिलाफ लाल-हरी टोपी वालों में से जिसने भी यह आपत्तिजनक पोस्ट की है, वह बेहद शर्मनाक और गुनाह-ए-अजीम है. उन्होंने आगे आरोप लगाया कि यह समय स्वयं अखिलेश यादव और सपाहियों के लिए अपने गिरेबान में झांकने का है, क्योंकि सपाई हमेशा सामाजिक पदानुक्रम में अपने से नीचे के लोगों की जाति, रंग, श्रद्धा, कपड़े और पेशे का मजाक उड़ाते रहते हैं और गालियां दिलवाते हैं.
खुद को बताया पीड़ित, 'विनोद कुमार यादव' के नाम का किया जिक्र
अपने बयान में राजभर ने खुद का उदाहरण देते हुए कहा कि वह स्वयं अखिलेश के गुंडों के भुक्तभोगी रहे हैं और सोशल मीडिया पर उनके व उनके परिजनों के खिलाफ जो कुछ लिखवाया जाता है, उसे पूरा बहुजन समाज रोज देख रहा है. राजभर ने गारंटी देते हुए दावा किया कि बेटी अदिति के खिलाफ हुई इस घटिया हरकत में भी कोई सपाई ही निकलेगा, क्योंकि इस तरह का घटिया प्रशिक्षण किसी लाल या हरी टोपी पहनने वाले मास्टर साहब की कक्षा से ही मिलता है. उन्होंने इसके लिए अखिलेश यादव, शिवपाल यादव और आजम खान के महिलाओं पर दिए पुराने बयानों को देखने की बात कही. साथ ही, राजभर ने इस मामले में 'विनोद कुमार यादव' नामक किसी व्यक्ति का नाम सामने आने का भी विशेष रूप से जिक्र किया.
चांदी के चम्मच का तंज और प्रदेश भर में सपा का प्रदर्शन
राजभर ने भावुक और तंजिया लहजे में अपनी पोस्ट के अंत में लिखा, "अदिति बेटी, आप पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी से हम शर्मिंदा हैं. बिटिया, आपसे कैसे कहूं कि एक हाथ में चांदी का चम्मच और दूसरे हाथ में बल्लम लेकर पैदा हुए लोगों ने राजनीति को किस गर्त में पहुंचा दिया है, जो बेहद शर्मनाक है." दूसरी तरफ, सोशल मीडिया पर अदिति यादव की तस्वीर को एडिट कर भ्रामक और गलत दावे प्रसारित करने वाले दोषियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ता लगातार विभिन्न जिलों में विरोध-प्रदर्शन कर पुलिस में शिकायत दर्ज करा रहे हैं. पुलिस और साइबर सेल की टीमें इस पूरे मामले की जांच में जुटी हैं, लेकिन राजभर के इस बयान ने यूपी की सियासी हलचल को और ज्यादा बढ़ा दिया है.
ADVERTISEMENT









