बचपन का प्यार, कोर्ट मैरिज और फिर खूनी अंजाम... यूपी पुलिस परीक्षा केंद्र के बाहर ऑनर किलिंग से कांपा सहारनपुर!

Saharanpur Murder Case: यूपी के सहारनपुर में परीक्षा केंद्र के बाहर सगे भाई और परिवार ने अपनी ही बहन आकांक्षा के पति शिव कुमार (24) की गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी. दोनों ने 4 महीने पहले परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी.

यूपी तक

• 07:40 PM • 11 Jun 2026

follow google news

Saharanpur Murder Case: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में एक ऐसी खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने भाई-बहन के पवित्र रिश्ते और मानवता को शर्मसार कर दिया है. शामली की रहने वाली आकांक्षा सहारनपुर के रामपुर मनिहारण क्षेत्र में यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा देने पहुंची थी. लेकिन परीक्षा देकर बाहर निकलते ही परीक्षा केंद्र के कुछ दूरी पर उसके भाई और परिवार के अन्य सदस्यों ने आकांक्षा के पति शिव कुमार की गोलियों से भूनकर बेरहमी से हत्या कर दी. चार महीने पहले ही अपने सपनों का आशियाना सजाने वाली आकांक्षा की आंखों के सामने ही उसका सुहाग हमेशा के लिए मिट गया और खुशियां मातम में बदल गईं.

यह भी पढ़ें...

बचपन का प्यार और परिवार के खिलाफ जाकर कोर्ट मैरिज

शामली के गांव खिड़ी बैरागी के रहने वाले 24 वर्षीय शिव कुमार और आकांक्षा एक-दूसरे के पड़ोसी थे और साल 2020 से प्यार करते थे. आकांक्षा का परिवार इस रिश्ते के सख्त खिलाफ था, लेकिन तमाम विरोधों के बावजूद दोनों ने हार नहीं मानी और 27 फरवरी को इलाहाबाद के आर्य समाज मंदिर में लव मैरिज कर ली, जिसके बाद उन्हें हाई कोर्ट से प्रोटेक्शन भी मिली थी. इस शादी के बाद गांव में एक पंचायत भी बुलाई गई थी, जिसमें फैसला हुआ था कि शिव कुमार के पिता अपने बेटे और बहू को गांव से बाहर भेज देंगे ताकि कोई विवाद न हो. इसके बावजूद आकांक्षा की मां बेहद गुस्से में थी और उसने गांव वालों के सामने सौगंध खाई थी कि वह अपनी बेटी को कभी नौकरी नहीं करने देगी, चाहे उसे खुद ताउम्र गोबर क्यों न उठाना पड़े.

एसएसएफ में हुआ था चयन, पोस्टिंग से पहले हत्या

शिव कुमार के पिता के मुताबिक, उनका बेटा बेहद होनहार था और उसका चयन एसएसएफ (Special Security Force) में हो चुका था. बीती 3 मार्च को उसका जॉइनिंग लेटर भी आ गया था और परिवार बस उसकी पोस्टिंग का इंतजार कर रहा था ताकि घर की आर्थिक स्थिति सुधर सके. परिवार को पहले से ही लड़की के घरवालों से जान का खतरा था, जिसके चलते उन्होंने दोनों को छुपाकर बाहर रखा हुआ था. मंगलवार को जब आकांक्षा अपना पेपर देकर पति शिव कुमार के साथ स्कॉर्पियो गाड़ी में बैठकर लौट रही थी, तभी रास्ते में हमलावरों ने गाड़ी की खिड़की से सटाकर शिव कुमार को गोली मार दी. इस अचानक हुए हमले ने एक झटके में एक हंसते-खेलते परिवार को तबाह कर दिया.

रो-रोकर बहन ने बयां की अपनों की ही बेरहमी, फांसी की मांग

वारदात के बाद बदहवास और रोती हुई आकांक्षा ने अपने ही परिवार पर बेहद संगीन आरोप लगाए हैं. आकांक्षा ने बताया कि गोली उसके सगे भाई ने मारी है और इस वारदात में उसकी मां, बहन, जीजा और दोनों मामा (धर्मवीर और कर्मवीर) भी बाइक पर साथ आए थे. आकांक्षा का दावा है कि पति को मारने के बाद वे लोग उसे भी जान से मारना चाहते थे, लेकिन वह किसी तरह बच गई. पीड़ित परिवार और रोती हुई आकांक्षा अब सरकार और पुलिस प्रशासन से न्याय की गुहार लगा रही हैं. शिव कुमार के पिता ने मांग की है कि इस क्रूर हत्याकांड के सभी मुजरिमों को फांसी की सजा दी जाए, तभी उनके बेटे की आत्मा को शांति मिलेगी.