अदिति यादव विवाद पर योगी-अखिलेश आमने-सामने! सीएम की नसीहत पर अखिलेश यादव का पलटवार

Aditi Yadav Controversy: अदिति यादव पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आमने-सामने आ गए हैं. सीएम योगी की नसीहत पर अखिलेश यादव ने पलटवार किया है.

यूपी तक

• 08:00 PM • 14 Jun 2026

follow google news

Aditi Yadav Controversy: उत्तर प्रदेश की सियासत में समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव की बेटी अदिति यादव पर हुई आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला अब एक बड़े राजनीतिक विवाद में बदल गया है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस घटना की निंदा करते हुए एफआईआर दर्ज करने की बात कही, लेकिन इसके साथ ही उन्होंने अखिलेश यादव को उनके समर्थकों की भाषा सुधारने की सख्त नसीहत भी दे डाली. मुख्यमंत्री के इस बयान के जवाब में आगरा पहुंचे अखिलेश यादव ने भी सीएम योगी पर तीखा पलटवार किया है, जिससे दोनों शीर्ष नेताओं के बीच सीधी बयानबाजी का दौर शुरू हो गया है.

यह भी पढ़ें...

सीएम योगी की सख्त नसीहत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अदिति यादव पर हुई टिप्पणी की निंदा करते हुए स्पष्ट रूप से कहा कि, 'बेटी के खिलाफ कोई भी अपमानजनक टिप्पणी स्वीकार्य नहीं होनी चाहिए.' उन्होंने बताया कि मामला संज्ञान में आते ही उन्होंने तत्काल पुलिस को एफआईआर दर्ज कराने के आदेश दिए. हालांकि, इसके साथ ही उन्होंने सपा अध्यक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि, 'अखिलेश जी दूसरों को उपदेश देते हैं, अपने चेले चपाटों को भी थोड़ा उपदेश दे दो कि अपनी भाषा को संयम कर लें.' उन्होंने चेतावनी देते हुए यह भी कहा कि अगर वे नहीं समझा सकते तो उन्हें हमारे हवाले कर दो, हम अच्छी तरह समझा देंगे.

'अपने गुरुओं को कौन संभालेगा?'

सीएम योगी की इस नसीहत पर आगरा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अखिलेश यादव ने अपना कड़ा ऐतराज जताया है. पत्रकारों द्वारा समर्थकों से जुड़े सवाल पर पलटवार करते हुए अखिलेश ने कहा कि, 'अपने गुरुओं को कौन संभालेगा?' मुख्यमंत्री पर सीधा व्यक्तिगत हमला बोलते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि, '2017 से पहले हमारे पत्रकार भी नहीं जानते थे कि कोई योगी जी भी कोई हैं.' इसके अलावा उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर हजारों करोड़ रुपये खर्च करके नकारात्मक राजनीति करने और दूसरों की छवि खराब करने का भी गंभीर आरोप भी लगाया है.

बीजेपी पर लगाए गंभीर आरोप

अपनी बातचीत के दौरान अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था और पेपर लीक को लेकर भी सत्ताधारी पार्टी को जमकर घेरा है. उन्होंने सरकार पर सीधा आरोप लगाते हुए कहा कि, 'आप बताइए 500 प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए इन्होंने.' हालिया नीट (NEET) परीक्षा के संकट का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि आज नौजवान नौकरी और रोजगार चाहता है, लेकिन सत्ता में बैठे लोग पेपर लीक कर रहे हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि, 'पेपर लीक इसलिए करते हैं क्योंकि इन्हें अपने बच्चों को एडमिशन दिलाना है नीट में, अपने गैंग के लोगों को नीट करवानी है.'