पेट चीरा, फिर बीच में ही छोड़ा ऑपरेशन... तड़पता रहा बुजुर्ग मरीज, डॉक्टर ने कहा- 'नहीं करेंगे ऑपरेशन'

मेरठ के आर्यावर्त अस्पताल में 65 वर्षीय बुजुर्ग के पथरी के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टरों की बड़ी लापरवाही. पेट चीरने के बाद बिना पथरी निकाले ही टांके लगा दिए. मरीज की हालत गंभीर.

यूपी तक

• 05:27 PM • 22 Apr 2026

follow google news

मेरठ के एक निजी अस्पताल से डॉक्टरी लापरवाही का एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां आर्यावर्त अस्पताल में पथरी का ऑपरेशन कराने आए एक 65 वर्षीय बुजुर्ग को डॉक्टरों ने ऑपरेशन थिएटर में ले जाकर बीच में ही छोड़ दिया. पेट चीरा जा चुका था, लेकिन पथरी निकालने के बजाय डॉक्टर हाथ खड़े कर बाहर निकल आए.

यह भी पढ़ें...

पेट चीरा, टांके लगाए और बोले- 'नहीं करेंगे ऑपरेशन'

पीड़ित वेद प्रकाश (65) के परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों ने ऑपरेशन शुरू तो किया, लेकिन बीच में ही कह दिया कि वे पथरी तक नहीं पहुँच पा रहे हैं. गंभीर आरोप यह है कि डॉक्टरों ने तीमारदारों से बदसलूकी की और बिना पथरी निकाले ही बुजुर्ग के पेट पर टांके लगाकर उन्हें वापस भेज दिया. डॉक्टरों ने दो टूक कह दिया कि "जो करना है कर लो, हम ऑपरेशन नहीं करेंगे."

हालत गंभीर, न्याय की गुहार

अधूरे ऑपरेशन और शरीर पर आए गहरे चीरों की वजह से बुजुर्ग वेद प्रकाश की हालत नाजुक बनी हुई है. वह असहनीय दर्द से जूझ रहे हैं. पीड़ित परिवार अब अस्पताल और दोषी डॉक्टरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की तैयारी में है. परिजनों की मांग है कि ऐसे लापरवाह अस्पताल का लाइसेंस तुरंत रद्द किया जाना चाहिए, क्योंकि उन्होंने एक मरीज की जान को जोखिम में डाल दिया है.

प्रशासन का पक्ष: शिकायत मिलते ही होगी कार्रवाई

इस मामले पर स्वास्थ्य विभाग भी नजर बनाए हुए है. एसीएमओ (ACMO) ने कहा है कि मामला उनके संज्ञान में आया है, हालांकि अभी तक कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने आश्वासन दिया कि जैसे ही परिवार की ओर से औपचारिक शिकायत दर्ज कराई जाएगी, मामले की गंभीरता से जांच कर अस्पताल के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी.