मेरठ के उस खौफनाक 'नीला ड्रम हत्याकांड' की यादें एक बार फिर ताजा हो गई हैं, जिसने साल 2025 में पूरे उत्तर प्रदेश को दहला दिया था. कत्ल के करीब 13 महीने बाद, मुख्य आरोपी मुस्कान और उसका प्रेमी साहिल पहली बार कोर्ट में आमने-सामने आए. लेकिन इस बार कोर्ट परिसर में सबकी नजरें मुस्कान की गोद में मौजूद उस 6 महीने की मासूम बच्ची पर टिक गईं, जिसका जन्म और पालन-पोषण जेल की सलाखों के पीछे ही हो रहा है.
ADVERTISEMENT
कोर्ट में हाईवोल्टेज ड्रामा, मां की चीखें और आरोपी की चुप्पी
21 अप्रैल को जब पुलिस के कड़े घेरे में मुस्कान अपनी बच्ची को दुपट्टे से ढककर कोर्ट पहुंची, तो वहां मौजूद मृतक सौरभ राजपूत की मां का धैर्य जवाब दे गया. अपनी बहू और बेटे की कातिल को देखते ही वह फफक पड़ीं और गालियां देते हुए आरोपियों के लिए सजा-ए-मौत की मांग करने लगीं. वहीं, आरोपी प्रेमी साहिल सफेद टोपी और टी-शर्ट पहने, सिर झुकाए पुलिस के साथ चल रहा था. मृतक के परिवार का दावा है कि मुस्कान की गोद में जो बच्ची है, वह साहिल की है. बता दें कि गिरफ्तारी के वक्त मुस्कान गर्भवती थी.
13 महीने बाद पहली बार व्यक्तिगत पेशी
इससे पहले दोनों की पेशी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हो रही थी, लेकिन कोर्ट के आदेश पर उन्हें व्यक्तिगत रूप से पेश किया गया.
- अदालत की कार्रवाई: न्यायाधीश ने साहिल और मुस्कान से करीब 15-15 मिनट तक अलग-अलग सवाल-जवाब किए.
- गवाही: अब तक इस केस में 22 गवाहों के बयान दर्ज हो चुके हैं. जल्द ही आरोपियों पर आरोप तय (Charge Frame) किए जाएंगे, जिसके बाद ट्रायल का अगला चरण शुरू होगा.
जेल में अकेली मुस्कान, साहिल से मिलने आते हैं परिजन
हैरान करने वाली बात यह है कि पिछले 13 महीनों में साहिल का भाई तो उससे मिलने जेल आता रहा है, लेकिन मुस्कान से मिलने आज तक कोई नहीं पहुंचा. उसके पिता, जो खुद उसे थाने लेकर आए थे, उन्होंने भी अपनी बेटी से नाता तोड़ लिया है. जेल प्रशासन ही मुस्कान और उसकी मासूम बच्ची का ख्याल रख रहा है.
क्या था 'नीला ड्रम' हत्याकांड?
मार्च 2025 में मेरठ में हुए इस हत्याकांड ने मानवीय संवेदनाओं को झकझोर दिया था:
- साजिश: आरोप है कि मुस्कान ने प्रेमी साहिल के साथ मिलकर अपने पति सौरभ राजपूत को पहले बेहोश किया, फिर चाकू से उसकी हत्या कर दी.
- क्रूरता: शव को ठिकाने लगाने के लिए उसके 15 टुकड़े किए गए और एक नीले प्लास्टिक के ड्रम में सीमेंट भरकर उसे सील कर दिया गया.
- बेरहमी: हत्या के बाद दोनों आरोपी बेखौफ होकर शिमला-मनाली घूमने निकल गए थे.
इस हत्याकांड का सच तब सामने आया था जब मुस्कान के पिता ने खुद पुलिस को पूरी घटना की जानकारी दी थी. फिलहाल, दोनों आरोपी वापस जेल भेज दिए गए हैं और कोर्ट के फैसले का इंतजार है.
ADVERTISEMENT









