काशी के होटल ताज में होगी रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की शादी? दोनों ने की गंगा आरती फिर सामने आई ये बात

भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और उनकी मंगेतर प्रिया सरोज ने वाराणसी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन किए और गंगा आरती में शामिल हुए. जून में शादी की खबरों के बीच उनकी यह यात्रा चर्चा में है.

यूपी तक

• 11:13 AM • 22 Apr 2026

follow google news

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज और 'फिनिशर' रिंकू सिंह इन दिनों अपनी मंगेतर और समाजवादी पार्टी की सांसद प्रिया सरोज के साथ काशी की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं. आईपीएल के व्यस्त शेड्यूल से समय निकालकर रिंकू सिंह 21 अप्रैल को बाबा विश्वनाथ की नगरी वाराणसी पहुंचे, जहां उन्होंने अपनी होने वाली पत्नी के साथ गंगा आरती का अद्भुत नजारा देखा.

यह भी पढ़ें...

बाबा विश्वनाथ की शरण में 'रिंकू-प्रिया'

रिंकू सिंह और प्रिया सरोज ने मंगलवार को काशी विश्वनाथ मंदिर में विधिवत दर्शन-पूजन किया. मंदिर में करीब आधा घंटा बिताने के बाद दोनों गंगा द्वार के रास्ते नाव पर सवार हुए और काशी के ऐतिहासिक घाटों की सुंदरता को निहारा. इस दौरान प्रिया सरोज ने सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा करते हुए लिखा- "काशी, महादेव की धरती और गंगा का पावन संगम."

गंगा आरती देख हुए अभिभूत

शाम को दोनों दशाश्वमेध घाट पर होने वाली विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुए. आरती के दिव्य दृश्य को दोनों टकटकी लगाकर देखते रह गए. आरती के बाद रिंकू ने गंगा सेवानिधि की विजिटर बुक में अपना अनुभव साझा करते हुए लिखा— "गंगा आरती में शामिल होना एक अद्भुत अनुभव रहा, हम सभी काफी आनंदित हैं."

संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा ने बताया कि रिंकू और प्रिया को आगामी 'देव दीपावली' के लिए भी आमंत्रित किया गया है, जिस पर रिंकू ने आने का प्रयास करने का आश्वासन दिया है.

होटल ताज में शादी की चर्चा!

खबरों की मानें तो रिंकू और प्रिया वाराणसी के प्रतिष्ठित होटल ताज में रुके हैं. स्थानीय गलियारों में चर्चा है कि जून महीने के पहले हफ्ते में दोनों इसी होटल में विवाह के बंधन में बंध सकते हैं. माना जा रहा है कि इस यात्रा के दौरान उन्होंने शादी की तैयारियों का जायजा भी लिया है.