कानपुर: ऑटो में उल्टी की आड़ में लूटपाट करने वाले गैंग का पर्दाफाश, मुठभेड़ के बाद सरगना गिरफ्तार

कानपुर में तीन महिलाएं और दो पुरुष गैंग बनाकर ऑटो में सवारी को उल्टियां कर भ्रमित कर लूटते थे. पुलिस ने सभी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया है. मुख्य आरोपी अभिषेक पुलिस मुठभेड़ में घायल हुआ था. गैंग कौशाम्बी जिले की थी और कई जिलों में सक्रिय थी.

यूपी तक

• 08:07 PM • 22 Apr 2026

follow google news

Kanpur News: कानपुर पुलिस ने एक ऐसे अनोखे गैंग का खुलासा किया है जो ऑटो में सवारी बनकर यात्रियों को लूटने का काम करता था. इस गैंग की लूटपाट की तरकीब सुनकर आप भी हैरान रह जाएंगे. ये अपराधी यात्रियों पर 'उल्टी' (वॉमिटिंग) करके उनका ध्यान भटकाते थे और इसी बीच उनके कीमती सामान और गहने साफ कर देते थे. पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी पढ़ें...

क्या थी लूटपाट की अजीब तरकीब?

पुलिस के अनुसार, यह गैंग ऑटो में सवारी के रूप में बैठ जाता था. जब कोई अनजान यात्री ऑटो में सवार होता तो गिरोह की महिलाएं उस यात्री के ऊपर जानबूझकर उल्टियां कर देती थीं. यात्री इस हरकत से घबराकर और भ्रमित होकर अपना ध्यान उस गंदगी को साफ करने में लगा देता था. इसी बीच गिरोह के सदस्य मौका पाकर यात्री के गहने, पैसे या अन्य कीमती सामान पार कर देते थे.

मुठभेड़ के बाद सरगना गिरफ्तार

पुलिस ने छापेमारी कर पहले चार सदस्यों (माला, नंदिनी, रिंकू और प्रिंस चौधरी) को गिरफ्तार किया. लेकिन गैंग का मुख्य सरगना अभिषेक मौके से फरार हो गया था. बाद में, पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान उसे दबोच लिया गया. मुठभेड़ में अभिषेक ने पुलिस टीम पर फायरिंग की जो एक इंस्पेक्टर की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी. जवाबी फायरिंग में अभिषेक के पैर में गोली लगी और वह घायल होकर गिरफ्तार हो गया.

कौन है ये लोग?

पकड़े गए सभी अपराधी मूल रूप से चंदौली जिले के रहने वाले हैं.लेकिन कानपुर सहित उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में किराए का कमरा लेकर वारदातों को अंजाम देते थे.। पुलिस ने इनके कब्जे से ऑटो, देसी तमंचा और नकद बरामद किया है. पुलिस के अनुसार, इस गैंग के अलग-अलग हिस्सों में 134 लोग शामिल हैं जो विभिन्न जिलों में सक्रिय हैं. बर्रा पुलिस की इस सराहनीय कार्रवाई के लिए टीम को 25,000 रुपये का नकद इनाम दिया गया है. फिलहाल सभी आरोपियों को जेल भेजा जा रहा है.