8 साल पुरानी इस दुश्मनी के चलते भारत यादव के साथ हुआ ऐसा कांड कि दहल उठा पूरा कौशांबी!

Kaushambi Murder Case: यूपी के कौशाम्बी में 8 साल पहले हुई लव मैरिज को लेकर युवक की हत्या कर दी गई. पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य फरार हैं.

यूपी तक

• 06:16 PM • 21 Apr 2026

follow google news

उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में 8 साल पहले हुए एक प्रेम विवाह का बदला लेने के लिए खूनी साजिश रची गई. पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई, जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

यह भी पढ़ें...

8 साल पुरानी रंजिश और खूनी अंत

मामला करारी थाना क्षेत्र के अहरा गाँव का है. यहाँ के निवासी 30 वर्षीय भारत यादव ने करीब आठ साल पहले गाँव की ही एक युवती से प्रेम विवाह किया था. इस शादी को लेकर दोनों परिवारों के बीच तभी से ठनी हुई थी. 19 अप्रैल की रात मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया. आरोप है कि अशोक कुमार पांडे और उसके साथियों ने घात लगाकर भारत पर कुल्हाड़ी और डंडों से हमला कर दिया. इस हमले में भारत की मौके पर ही मौत हो गई.

थानेदार गिरफ्तार, फरार आरोपियों पर इनाम

वारदात के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अशोक कुमार पांडे को गिरफ्तार कर लिया है और हत्या में इस्तेमाल डंडा भी बरामद कर लिया है. मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने इनाम की घोषणा की है.

अंतिम संस्कार पर अड़ा परिवार, भारी तनाव

हत्या के बाद गाँव में माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया. पीड़ित परिवार ने सभी आरोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव का अंतिम संस्कार करने से मना कर दिया था. कई घंटों तक चले हंगामे और तनाव के बाद, पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश और कड़ी कार्रवाई के आश्वासन पर परिवार अंतिम संस्कार के लिए राजी हुआ.

गांव में सुरक्षा और सरकारी सहायता का वादा

पुलिस अधिकारियों ने पीड़ित परिवार को सांत्वना देते हुए उचित सरकारी सहायता दिलाने और मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया है. गाँव में दोबारा कोई अप्रिय घटना न हो, इसके लिए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है.