मेरठ के हस्तिनापुर थाना क्षेत्र के हुमायूं गांव में उस समय हड़कंप मच गया जब एक घर में दर्जन भर हमलावरों ने लाठी-डंडों और हथियारों के साथ धावा बोल दिया. पुरानी रंजिश के चलते हुए इस हमले में हमलावरों ने न केवल घर में बवाल काटा बल्कि तमंचों से कई राउंड फायरिंग भी की. इस पूरी घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने पूरे इलाके को दहशत में डाल दिया है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
बताया जा रहा है कि यह घटना गांव के ही रहने वाले प्रवीण के घर की है.अचानक पड़ोस में रहने वाले करीब एक दर्जन लोग लाठी-डंडे और तमंचे लेकर घर के अंदर घुस आए. आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश के कारण किया गया था. घर में घुसते ही हमलावरों ने दहशत फैलाना शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद महिलाएं अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगीं.
फायरिंग से थर्राया इलाका
चीख-पुकार और भगदड़ के बीच, एक हमलावर ने तमंचे से कई राउंड फायरिंग कर दी. गोलियों की गूंज से पूरा गांव थर्रा उठा और लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद पुलिस प्रशासन हरकत में आया.
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए कठोर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया गया. मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने जानकारी दी कि आरोपियों की धरपकड़ के लिए दो पुलिस टीमों का गठन किया गया है. पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









