बिजनौर में शादी की खुशियां दहशत में बदलीं! DJ बजाने पर पड़ोसियों ने चलाई ताबड़तोड़ गोलियां... जान बचाने के लिए भागे रिश्तेदार

Bijnor Firing Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर के सालमाबाद गांव में शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर पड़ोसियों से विवाद हो गया था. आरोप है कि पहले छत से ईंट-पत्थर फेंके गए और फिर ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग की गई थी.

यूपी तक

• 05:41 PM • 24 Jun 2026

follow google news

Bijnor Firing Case: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. यहां एक शादी समारोह के दौरान डीजे बजाने को लेकर हुए विवाद में पड़ोसियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. अचानक हुई इस गोलीबारी से शादी की खुशियां पल भर में दहशत में बदल गई. सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और पूरे मामले की जांच कर रही है.

यह भी पढ़ें...

छत से बरसाए गए ईंट-पत्थर

यह पूरी घटना बिजनौर के सालमाबाद गांव की है. यहां सतीश नाम के युवक की शादी से पहले भात की रस्म चल रही थी. परिवार और रिश्तेदार डीजे की धुन पर जश्न मना रहे थे. इसी बीच पड़ोसियों ने डीजे बजाने का विरोध किया था. यह विवाद इतना बढ़ गया कि एक व्यक्ति छत पर चढ़ गया और उसने नीचे ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए थे. इस पथराव में एक महिला के पैर में चोट आई थी और दो बाइक टूट गई थीं.

कैमरे में कैद हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

पथराव के बाद मामला और ज्यादा बिगड़ गया था. छत पर तीन अन्य युवक भी आ गए थे और उन्होंने ताबड़तोड़ हवाई फायरिंग शुरू कर दी थी. गोली चलने की आवाज से शादी समारोह में भगदड़ मच गई थी. महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे थे. आरोपियों द्वारा की गई इस फायरिंग की घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है.

मुख्य आरोपी पंकज हुआ गिरफ्तार

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस बल तुरंत मौके पर पहुंच गया था. पुलिस ने शशिबाला पक्ष की तरफ से दी गई शिकायत के आधार पर कोतवाली नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी पंकज को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक, बाकी फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है.