बिजनौर में शादी के 50 दिन बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाए गंभीर आरोप... पुलिस ने किया ये खुलासा

Bijnor bride death: उत्तर प्रदेश के बिजनौर में शादी के महज 50 दिन बाद 22 वर्षीय नवविवाहिता सोनम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मायके पक्ष ने पति और ससुराल वालों पर दहेज प्रताड़ना व हत्या का आरोप लगाया है.

यूपी तक

• 05:15 PM • 24 Jun 2026

follow google news

Bijnor bride death: उत्तर प्रदेश के बिजनौर से एक बेहद दर्दनाक घटना सामने आई है. यहां शादी के महज 50 दिन बाद ही एक 22 साल की नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है. मृतक बेटी के मायके वालों ने ससुराल पक्ष पर दहेज हत्या और प्रताड़ना का गंभीर आरोप लगाया है. जिस घर से कुछ दिन पहले बेटी की डोली उठी थी, आज वहां मातम पसरा हुआ है. पुलिस ने परिजनों की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

30 अप्रैल को हुई थी शादी

बिजनौर के अफजलगढ़ स्थित शिवपुरी गांव के रहने वाले कन्हैया सिंह ने अपनी 22 वर्षीय बेटी सोनम की शादी बड़े अरमानों के साथ की थी. सोनम की शादी 30 अप्रैल को चांदपुर निवासी टीकाराम के साथ हुई थी. परिवार के मुताबिक, शादी में हैसियत के हिसाब से सारा दान-दहेज दिया गया था. बेटी की खुशी-खुशी विदाई की गई थी. लेकिन किसी ने नहीं सोचा था कि शादी के कुछ दिनों बाद ही उसकी जिंदगी खत्म हो गई थी. परिवार का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले दहेज से खुश नहीं थे.

जीजा से बात करने पर शक

सोनम की मां लक्ष्मी देवी ने ससुराल वालों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. मां के मुताबिक, शादी के करीब 15 दिन बाद सोनम ने फोन करके बताया था कि उसके पति ने उसके साथ बुरी तरह मारपीट की थी. मारपीट की वजह सिर्फ इतनी थी कि वह फोन पर अपने जीजा से बात कर रही थी. मां ने बताया कि पति उस पर बेवजह शक करता था और उसे मानसिक रूप से अपमानित करता था. पति ने सोनम को घर से निकालने की धमकी भी दी थी. इसके बाद मायके वालों ने वहां जाकर दामाद के पैर तक पकड़े थे और उन्हें समझाया था.

जहर खाने से हुई मौत

लगातार मिल रहे तानों और प्रताड़ना के बीच सोनम अंदर ही अंदर टूट रही थी. पुलिस के मुताबिक, 22 जून 2026 की सुबह करीब 10:00 बजे किसी घरेलू विवाद के चलते सोनम ने जहरीला पदार्थ खा लिया था. इसके बाद पति टीकाराम ने उसे इलाज के लिए धनवंतरी अस्पताल में भर्ती कराया था. इलाज के दौरान 23 जून की शाम करीब 7:00 बजे सोनम की दुखद मौत हो गई है. मौत की खबर सुनते ही मायके वालों के पैरों तले जमीन खिसक गई थी.

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय पुलिस और फील्ड यूनिट तुरंत मौके पर पहुंची थी. पुलिस ने शव का पंचायतनामा भरकर उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी में भेज दिया है. मृतका के पिता कन्हैया सिंह की तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति टीकाराम और ससुराल वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहराई से जांच की जा रही है. मायके वाले अब अपनी बेटी के लिए सिर्फ इंसाफ की मांग कर रहे हैं.