मेरठ में नौकरी का झांसा देकर दिव्यांग को बंधक बनाया, इसके बाद उसका जो हाल किया अब हो गया वायरल

यूपी तक

• 06:30 PM • 16 Jul 2026

Meerut News: मेरठ के टीपी नगर क्षेत्र में एक दिव्यांग युवक को नौकरी का झांसा देकर बंधक बनाने, बेरहमी से पीटने के साथ उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने का मामला सामने आया है

Google CTA

Meerut News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली एक खौफनाक और अमानवीय वारदात सामने आई है. यहाँ टीपी नगर थाना क्षेत्र में कुछ दरिंदों ने एक लाचार दिव्यांग युवक को बंधक बनाकर क्रूरता की सारी हदें लांघ दी हैं. आरोपियों ने न सिर्फ पीड़ित को बेरहमी से पीटा, बल्कि उसके कपड़े उतरवाए और इस पूरी घटना की वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की और दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है.

यह भी देखें...

नौकरी का झांसा देकर बनाया बंधक

यह दिल दहला देने वाली घटना मेरठ के टीपी नगर थाना क्षेत्र के नई बस्ती इलाके की है. जानकारी के मुताबिक, इन कलयुगी आरोपियों ने पहले एक दिव्यांग युवक को काम दिलाने का झांसा दिया था. युवक नौकरी पाने के लिए आरोपियों के पास गया था. लेकिन उसे इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि वहाँ काम की जगह हैवानियत उसका इंतजार कर रही है. आरोपियों ने उस मासूम को अपने पास बुलाकर बंधक बना लिया और जमकर मारपीट की.

पेट पर भारी ईंटें रखकर पीटा

युवक को बंधक बनाने के बाद आरोपियों ने अमानवीयता की सारी हदें पार कर दीं. उन्होंने उस लाचार युवक को जबरन जमीन पर लेटा दिया और उसके पेट पर भारी ईंटें रख दीं. इसके बाद उन्होंने युवक को बहुत बेरहमी से पीटा. इन क्रूर लोगों की दरिंदगी यहीं खत्म नहीं हुई, उन्होंने जबरन पीड़ित के कपड़े भी उतरवा दिए. आरोपियों ने इस पूरी अमानवीय हरकत का बाकायदा एक वीडियो रिकॉर्ड किया और अपनी बीमार मानसिकता का प्रदर्शन करने के लिए उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया.

पुलिस ने दो आरोपियों को पकड़ा

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते ही पुलिस प्रशासन तुरंत एक्शन मोड में आ गया. सीओ ब्रह्मपुरी सौम्या अस्थाना के निर्देशन में थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुँची. पुलिस ने साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक (FSL) टीम को भी मौके पर बुलवाया और पीड़ित युवक को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा. पुलिस ने इस मामले में दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है और उनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है. इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर लोग काफी गुस्से में हैं और आरोपियों को सख्त सजा देने की मांग कर रहे हैं.