'कुछ लोग मेरी फील्डिंग सेट कर रहे...', 23 साल के तुषार ने आखिरी कॉल पर बहन से कही थी ये बात, कुछ देर बाद मिली उसके मारे जाने की खबर!

Meerut Crime News: मेरठ के खरखौदा थाना क्षेत्र में कार के अंदर युवक तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या से सनसनी फैल गई. मौत से पहले बहन को खतरे की जानकारी देने वाला कॉल चर्चा में है.पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर चार टीमें गठित कर जांच शुरू कर दी है.

Meerut Crime News

उस्मान चौधरी

• 11:54 AM • 02 Jun 2026

follow google news

Meerut Crime News: उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है. खरखौदा थाना क्षेत्र में पुल के नीचे खड़ी एक कार के भीतर हापुड़ के रहने वाले  23 साल के युवक तुषार त्यागी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने युवक को अस्पताल पहुंचाया. लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है.

यह भी पढ़ें...

बहन को फोन कर तुषार ने कही थी ये बात

परिजनों से मिली जानकारी के मुताबिक, मौत के घाट उतारे जाने से ठीक पहले तुषार त्यागी ने अपनी बहन को फोन किया था. उसने घबराते हुए कहा था कि कुछ लोग उसकी 'फील्डिंग सेट कर रहे हैं.' इस दौरान तुषार ने अपनी जान का खतरा भी बताया. इस कॉल के कुछ ही देर बाद परिजनों को एक अज्ञात नंबर से फोन आया जिसमें तुषार को गोली मारे जाने की सूचना दी गई.

गाड़ी में मिली तुषार की बॉडी

घटना की जानकारी मिलते ही खरखौदा थाना पुलिस और उच्च अधिकारी मौके पर पहुंचे. कार के अंदर तुषार का लहूलुहान शव पड़ा हुआ था जिसके सिर और गले पर गोली लगने के निशान मिले हैं. मौके पर साक्ष्य जुटाने के लिए फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया. पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस करने के लिए सर्विलांस टीम की भी मदद ली जा रही है. प्रारंभिक जांच में पुलिस इस हत्याकांड के पीछे प्रॉपर्टी विवाद के एंगल को भी ध्यान में रखकर जांच कर रही है.

इस पूरे मामले पर मेरठ के एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि पुलिस को रात में मोना त्यागी नाम की महिला का फोन आया था जिन्होंने अपने भाई की हत्या की जानकारी दी थी. एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि 'थाना खरखौदा में रात को जनपद हापुड़ की रहने वाली मोना त्यागी का फोन आया. उन्होंने बताया कि उनके भाई तुषार त्यागी की हत्या कर दी गई है और उसका शव गाड़ी में है. सूचना मिलतेही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची. शव को गाड़ी से निकालकर अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. मौके पर फील्ड यूनिट और अन्य जांच टीमों को बुलाया गया. घटना के सफल अनावरण के लिए चार टीमों का गठन किया गया है. थाना खरखौदा में तहरीर प्राप्त कर मुकदमा पंजीकृत किया जा रहा है और अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है.'