Raebareli illegal mining news: जिले में अवैध खनन के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर कड़ा रुख अख्तियार कर लिया है. भदोखर थाना क्षेत्र में देर रात हो रहे अवैध खनन की शिकायत पर सदर एसडीएम गौतम सिंह ने राजस्व टीम के साथ खुद मौके पर छापेमारी की. इस औचक कार्रवाई में प्रशासन ने मौके से अवैध खनन में लिप्त एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर लिया है. इस बड़ी कार्रवाई से क्षेत्र के खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है.
ADVERTISEMENT
देर रात मिली थी गुप्त सूचना
जानकारी के अनुसार, सदर एसडीएम गौतम सिंह को 31 मई की रात को गुप्त सूचना मिली थी कि भदोखर थाना क्षेत्र के सेमरा गाँव में बड़े पैमाने पर अवैध खनन को अंजाम दिया जा रहा है. सूचना मिलते ही एसडीएम ने बिना वक्त गंवाए राजस्व विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की एक विशेष टीम गठित की और खुद ही कमान संभालते हुए देर रात सेमरा गाँव के चिन्हित स्थल पर छापेमारी के लिए निकल पड़े.
मौके से भागे खनन माफिया, वाहन सीज
एसडीएम के नेतृत्व में जब राजस्व टीम अचानक मौके पर पहुंची, तो वहाँ जेसीबी मशीन से मिट्टी/बालू का अवैध उत्खनन कर ट्रैक्टरों पर लादा जा रहा था. प्रशासनिक टीम को अचानक सामने देखकर मौके पर मौजूद अवैध खनन में लगे लोग और चालक वाहन छोड़कर फरार हो गए. एसडीएम गौतम सिंह ने बताया की 31 मई की रात्रि में भदोखर थाना अंतर्गत सेमरा गाँव में अवैध खनन की सूचना प्राप्त हुई थी. सूचना के आधार पर राजस्व टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचकर औचक निरीक्षण किया गया.मौके से अवैध खनन में प्रयुक्त की जा रही एक जेसीबी मशीन और दो ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को बरामद कर सीज कर दिया गया है.
भारी जुर्माने की तैयारी, खनन अधिकारी को पत्र जारी
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि सीज किए गए सभी वाहनों को सुरक्षित अभिरक्षा में दे दिया गया है. एसडीएम ने इस मामले में सख्त रुख अपनाते हुए आरोपियों पर भारी वित्तीय अर्थदंड (जुर्माना) लगाने की बात कही है.इसके लिए उन्होंने जिला खनन अधिकारी को आवश्यक और कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए औपचारिक पत्र भी प्रेषित कर दिया है. एसडीएम गौतम सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में किसी भी सूरत में अवैध खनन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी सख्त कार्रवाइयां जारी रहेंगी.
ADVERTISEMENT









