गाजियाबाद जाने की बात कहकर निकली थी 17 साल की राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल, डेढ़ महीने बाद नाले से मिली बॉडी, आरोपी श्याम धानक ने किया चौंकाने वाला खुलासा

यूपी तक

01 Jun 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Anushka Pal Murder Case: गाजियाबाद में कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की बात कहकर घर से निकली 17 वर्षीय राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल उर्फ रिया का अंत इतना दर्दनाक होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी

National Kabaddi Player Anushka Pal Murder Case

National Kabaddi Player Anushka Pal Murder Case

Google CTA

Kabaddi Player Anushka Pal Murder Case: गाजियाबाद में कबड्डी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने की बात कहकर घर से निकली 17 वर्षीय राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी अनुष्का पाल उर्फ रिया का अंत इतना दर्दनाक होगा, इसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी. करीब डेढ़ महीने तक लापता रहने के बाद उसका सड़ा-गला शव मेरठ के एक नाले से बरामद हुआ है. पुलिस ने मामले में चंडीगढ़ से आरोपी श्याम धानक को गिरफ्तार किया है, जिसने पूछताछ में हत्या की बात कबूल करते हुए कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं. अब शव की अंतिम पहचान डीएनए जांच के जरिए कराई जाएगी.

यह भी पढ़ें...

राष्ट्रीय स्तर की खिलाड़ी थी अनुष्का

पुलिस के अनुसार दौराला थाना क्षेत्र के चिरोड़ी गांव निवासी 17 वर्षीय अनुष्का पाल उर्फ रिया राष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी थी. उसने हाल ही में 12वीं की परीक्षा पास की थी और खेल अभ्यास व पढ़ाई की सुविधा के लिए पिछले कई महीनों से शोभापुर बाईपास क्षेत्र में किराए के मकान में रह रही थी. 8 मार्च को उसने अपने परिवार को बताया था कि वह गाजियाबाद में होने वाली कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने जा रही है. इसके बाद कुछ समय तक संपर्क बना रहा लेकिन अप्रैल के बीच में उसका मोबाइल फोन बंद हो गया. परिजनों की शिकायत पर कंकरखेड़ा थाने में गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू की गई.

चंडीगढ़ से पकड़ा गया आरोपी

जांच के दौरान पुलिस को अनुष्का की आखिरी लोकेशन श्याम धानक नामक युवक के साथ मिली. श्याम मूल रूप से देहरादून का रहने वाला है और बाद में चंडीगढ़ क्षेत्र में जाकर छिप गया था. पुलिस टीमों ने कई बार उसकी तलाश की, लेकिन वह लगातार अपने फोन और अन्य संपर्क माध्यम बंद कर पुलिस से बचता रहा. तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचना के आधार पर आखिरकार पुलिस ने उसे चंडीगढ़ से हिरासत में ले लिया. पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली.

बोरे में भरकर नाले में फेंका शव

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि श्याम कंकरखेड़ा क्षेत्र में एक फास्ट फूड स्टॉल पर काम करता था और वहीं रहता भी था. अनुष्का का वहां अक्सर आना-जाना था, जिससे दोनों की पहचान हो गई थी. आरोपी के अनुसार अनुष्का ने उससे कुछ पैसे लिए थे. जब उसने रकम वापस मांगी तो दोनों के बीच विवाद हो गया. इसी विवाद के दौरान आरोपी ने ईंट से हमला कर उसकी हत्या कर दी. वारदात के बाद उसने शव को बोरे में भरकर रोहटा रोड के पास नाले में फेंक दिया और खुद गिरफ्तारी से बचने के लिए चंडीगढ़ भाग गया.

डीएनए जांच के बाद होगी अंतिम पुष्टि

मेरठ पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर नाले से शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. हालांकि शव काफी समय पुराना होने के कारण उसकी स्थिति खराब हो चुकी है. इसी वजह से परिजन अभी पूरी तरह पहचान की पुष्टि नहीं कर पाए हैं. पुलिस अब डीएनए परीक्षण के जरिए शव की शिनाख्त सुनिश्चित करेगी. अधिकारियों का कहना है कि मामले में आवश्यक साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं और आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है. इस घटना ने एक बार फिर प्रदेश में महिला सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.