Meerut Crime News: 21 फरवरी की सुबह मेरठ के मवाना-बिजनौर हाईवे के पास एक सरसों के खेत से उठती दुर्गंध ने इलाके में हड़कंप मचा दिया. खेत में एक महिला की बॉडी पड़ी हुई थी.लेकिन महिला का चेहरा बुरी तरह से जला हुआ था. ऐसे में उसकी पहचान कर पाना मुश्किल था. शुरूआत में ये मामला बिल्कुल ब्लाइंड मर्डर केस था जिसमें पुलिस के पास ना कोई सुराग था और ना कोई पहचान. ऐसे में पुलिस आसपास में लगे 500 सीसीटीवी कैमरों का पीछा करते हुए एक सफेद क्रेटा कार तक पहुंची. इसके बाद एक-एक करके इस केस के पीछे के पहलू सामने आने लगे. खेत में जिस महला की बॉडी मिली उसकी पहचान अर्चिता अरोड़ा के रूप में हुई है जो दिल्ली की रहने वाली बताई जा रही है.
ADVERTISEMENT
500 कैमरों ने खोला सफेद क्रेटा का राज
अज्ञात शव मिलने के बाद एसपी देहात अभिजीत कुमार की टीम ने हाईवे और आसपास के रास्तों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले. घंटों की मशक्कत के बाद एक संदिग्ध एक सफेद रंग की क्रेटा कार पुलिस की नजर में आई. जब पुलिस ने कार के मालिक और उसमें सवार लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो परतें दर परत सच सामने आता गया. इस दौरान पूछताछ में पता चला कि मृतका अर्चिता अरोड़ा होटल संचालक चंचल उर्फ बंटी की पुरानी परिचित थी. 17-18 फरवरी की रात होटल के कमरे में पैसों के लेनदेन और कमरे के बिल को लेकर उनके बीच झगड़ा हुआ. इस दौरान विवाद इतना बढ़ा कि चंचल और उसके साथियों ने मिलकर अर्चिता का चेहरा और गला कंबल से दबा दिया जिससे दम घुटने से उसकी मौत हो गई.
पहचान मिटाने के लिए चेहरे पर डाला क्लीनर
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ठिकाने लगाने की साजिश रची. उन्होंने होटल की सफाई में इस्तेमाल होने वाले एसिडिक क्लीनर को अर्चिता के चेहरे पर डाल दिया ताकि उसकी शिनाख्त न हो सके. इसके बाद 18-19 की रात को शव को क्रेटा कार में रखकर सरसों के खेत में फेंक दिया. आरोपियों ने सबूत मिटाने के लिए होटल के सीसीटीवी फुटेज भी डिलीट कर दिए थे.
तुर्कमेनिस्तान का वो रहस्यमयी मोड़
इस मामले में सबसे चौंकाने वाला मोड़ तब आया जब जांच में मृतका का संबंध तुर्कमेनिस्तान से होने की बात सामने आई. साथ ही ये भी पता चला है कि महिला का असली नाम मुहब्बत है. दावा किया जा रहा है कि अर्चिता दिल्ली में रह रही थी और उसका नाम किसी विदेशी कनेक्शन से जुड़ा था. उसका होटल में लगातार आना-जाना लगा हुआ था. पुलिस अब इस एंगल की भी जांच कर रही है कि क्या वह किसी गलत धंधे या इंटरनेशनल सिंडिकेट का हिस्सा थी. पुलिस ने इस वारदात को अंजाम देने वाले चार शातिर अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है जिसमें होटल संचालक चंचल कुमार उर्फ बंटी, गुरमुख उर्फ मोनू (बागपत), संदीप उर्फ सिट्टू (मेरठ), विवेक उर्फ काका जैसे आरोपियों का नाम शामिल है.
ADVERTISEMENT









