Vrindavan Viral Video: धर्मनगरी वृंदावन से एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने आस्था के केंद्र पर सुरक्षा और सेवायतों के व्यवहार पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. विश्व प्रसिद्ध बांके बिहारी मंदिर के एक सेवायत पुजारी पर आरोप है कि उन्होंने मामूली विवाद में एक श्रद्धालु पर जानलेवा हमला कर दिया जिससे श्रद्धालु का सिर फट गया. इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.
ADVERTISEMENT
क्या है पूरा मामला?
घटना वृंदावन के जुगल घाट और राधावल्लभ मंदिर के पास स्थित सीढ़ियों वाले रास्ते की है. जानकारी के मुताबिक, बांके बिहारी मंदिर के शयन भोग पुजारी मनोज गोस्वामी किसी काम से जा रहे थे. इसी दौरान रास्ते में एक श्रद्धालु से उनकी किसी बात को लेकर बहस हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शुरुआत में यह एक सामान्य कहासुनी थी. लेकिन पुजारी अचानक आपा खो बैठे. गुस्से में आकर पुजारी ने अपने हाथ में मौजूद बेंत (छड़ी) से श्रद्धालु के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया. हमला इतना घातक था कि श्रद्धालु का सिर मौके पर ही फट गया और खून बहने लगा.
मौके पर मचा हड़कंप
हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई. वायरल वीडियो में घायल श्रद्धालु की पत्नी उन्हें संभालती और रोती-बिलखती नजर आ रही हैं. सबसे हैरान करने वाली बात यह रही कि श्रद्धालु के लहूलुहान होने के बावजूद पुजारी का गुस्सा शांत नहीं हुआ. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया और घायल को अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस की कार्रवाई और गिरफ्तारी
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे. मथुरा पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पुजारी मनोज गोस्वामी को हिरासत में ले लिया है.
ADVERTISEMENT









