लखनऊ में जलवा क्लब के बाहर ऐसा क्या हुआ कि BJP नेता शिवम सिंह की चली गई जान? पूरा मामला हिला देगा...

Shivam Singh Death Case: लखनऊ के विभूति खंड इलाके में जलवा क्लब के बाहर हुए झगड़े में बीजेपी युवा मोर्चा के सदस्य शिवम सिंह की मौत हो गई. सिगरेट को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके बाद मारपीट में शिवम गंभीर रूप से घायल हो गए.

यूपी तक

29 May 2026 (अपडेटेड: 29 May 2026, 04:20 PM)

follow google news

Shivam Singh Death Case: लखनऊ के पॉश इलाके विभूति खंड में 25 मई की देर रात हुई एक दर्दनाक घटना ने पूरे शहर को हिला दिया. अयोध्या निवासी और बीजेपी युवा मोर्चा जिला कमेटी के सदस्य शिवम सिंह की जलवा क्लब के बाहर हुई मारपीट के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई. बताया जा रहा है कि मामूली सिगरेट विवाद ने इतना बड़ा रूप ले लिया कि मामला हिंसा में बदल गया और शिवम की जान चली गई. घटना के बाद परिवार ने गंभीर सवाल उठाए हैं और पूरे मामले में साजिश की आशंका जताई है.

यह भी पढ़ें...

क्लब के बाहर शुरू हुआ विवाद और बढ़ी हिंसा

जानकारी के अनुसार शिवम सिंह अपने दोस्तों नीलेश और जीशान के साथ लखनऊ आए थे. देर रात तीनों जलवा क्लब के बाहर मौजूद थे, तभी सिगरेट पीने को लेकर कुछ युवकों से उनकी कहासनी हो गई. देखते ही देखते यह विवाद बढ़ गया और आरोप है कि कुछ लोगों ने शिवम को घेरकर बेरहमी से मारपीट शुरू कर दी. सिर और जबड़े पर गंभीर चोट लगने के बाद शिवम मौके पर ही बेहोश हो गए और इलाके में अफरातफरी मच गई.

अस्पताल ले जाने में देरी और हालत बिगड़ना

घटना के बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी और शिवम के भाई सौरभ सिंह को भी फोन कर जानकारी दी गई. परिवार सुबह करीब 4 बजे घटना से अवगत हुआ और तुरंत लखनऊ के लिए रवाना हुआ. परिवार के अनुसार पहले उन्हें लोहिया अस्पताल ले जाया गया लेकिन गंभीर हालत के कारण बाद में उन्हें एक निजी अस्पताल में शिफ्ट किया गया. इलाज के दौरान शिवम की मौत हो गई, जिससे परिवार में कोहराम मच गया.

परिवार के गंभीर आरोप और साजिश की आशंका

शिवम के भाई सौरभ सिंह ने आरोप लगाया कि घटना के समय उनके साथ मौजूद लोगों ने मदद नहीं की. परिवार का कहना है कि दोस्तों और ड्राइवर की भूमिका संदिग्ध है क्योंकि उन्होंने सही जानकारी साझा नहीं की. परिजनों ने यह भी दावा किया कि उन्हें अनजान व्यक्ति का फोन आया था, जिसमें शिवम के घायल होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन पूरे घटनाक्रम को लेकर कई बातें छिपाई गईं. परिवार ने साजिश की आशंका भी जताई है.

प्रत्यक्षदर्शियों और दोस्तों के अलग-अलग बयान

प्रत्यक्षदर्शियों और दोस्तों के बयान में भी अलग-अलग बातें सामने आई हैं. कुछ का कहना है कि सिगरेट को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद पत्थरबाजी शुरू हो गई. वहीं एक दोस्त ने बताया कि वह गाड़ी लेने गया था और बाद में पता चला कि शिवम घायल हो गए हैं. पुलिस के अनुसार शुरुआती पूछताछ में विवाद की वजह मामूली बहस सामने आई है, लेकिन पूरे मामले की जांच जारी है.

पुलिस जांच और CCTV फुटेज की पड़ताल

पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. विभूति खंड पुलिस जलवा क्लब और आसपास के CCTV फुटेज खंगाल रही है. पुलिस ने कुछ संदिग्धों की पहचान भी की है और पूछताछ जारी है. वहीं परिवार का आरोप है कि अब तक ठोस कार्रवाई नहीं की गई है और पुलिस केवल औपचारिकता निभा रही है.

यह भी पढ़ें: हमीरपुर में तूफान के बीच भरभराकर गिरा निर्माणधीन पुल का हिस्सा, इतने लोगों की हो गई मौत